ककनई में आयोजित जनता के द्वार कार्यक्रम में 50 से अधिक समस्याओं का हुआ निस्तारण 29 सितंबर को ककनई में वृहद स्वास्थ्य शिविर लगेगा देवभूमि टुडे
चंपावत। DM मनीष कुमार ने कहा कि दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। CM के निर्देश में लगे ‘सरकार जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आज 24 सितंबर को GIC ककनई के बहुउद्देशीय शिविर में उहोंने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। साथ ही कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया गया।
DM ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सिर्फ शिकायतें लेना ही नहीं, बल्कि विभागीय योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाना है। शिविर में 50 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा कई लोगों ने व्यक्तिगत रूप से भी समस्याएं बताईं। गांव में मुख्य रूप से सोलर लाइट, विद्यालयों में अतिरिक्त विषय की कक्षाएं, आपदा राहत भुगतान, मंदिरों का सौंदर्याकरण, राशन कार्ड में सुधार, कृषि भूमि के कटाव की रोकथाम, स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति और मोटर मार्गों के डामरीकरण जैसी मांगें रखीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान होने के अलावा कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। इनमें बच्ची सिंह के घर बिजली-पानी का कनेक्शन, भरत सिंह के आपदा प्रभावित भवन का प्रस्ताव, नीलम देवी की पुत्री यामिनी बिष्ट के लिए दिव्यांग प्रमाणपत्र और आर्थिक सहायता, एक दिव्यांग शौचालय का निर्माण, और श्री शेर सिंह की वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति शामिल है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, माननीय क्षेत्र पंचायत प्रमुख अं चला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी व दीपक रजवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी, पवन सिंह, ग्राम प्रधान नेहा, किशोर राम, सुंदर सिंह बोरा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। DM मनीष कुमार ने कहा कि 29 सितंबर को ककनई में वृहद स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के अलावा दिव्यांग प्रमाणपत्र और अन्य योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।
….
जिलाधिकारी ने माथियाबाँझ में लगाई चौपाल – समस्याओं का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बुधवार को चंपावत ब्लॉक के सुदूरवर्ती गाँव माथियाबाँझ का दौरा कर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया। चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों की पेंशन, राशन व अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी ली और उनकी समस्याएँ गंभीरता से सुनीं।
ग्रामीणों ने चौपाल में किसान सम्मान निधि की धनराशि का भुगतान न होने, आधार लिंक से संबंधित तकनीकी समस्याएँ, पेयजल आपूर्ति में अनियमितता तथा मोबाइल नेटवर्क की कमजोर कनेक्टिविटी जैसी समस्याएँ रखीं।
जिलाधिकारी ने इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही सख्त निर्देश दिए कि समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं कृषि विभाग को किसान सम्मान निधि और आधार लिंक की समस्याओं को तत्काल सुलझाने के आदेश दिए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
ग्रामीणों द्वारा माथियाबाँझ से ब्यानधुरा तक सड़क निर्माण की धीमी प्रगति का मुद्दा उठाए जाने पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि वन भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कर सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए।
इसी प्रकार, जल निगम को आदेशित किया गया कि क्षेत्र की पेयजल योजना को शीघ्र पूरा कर ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
चौपाल के दौरान नोडल अधिकारी मा. मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल, ब्लॉक प्रमुख चंपावत अंचला बोरा, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, ग्राम प्रधान माथियाबाँझ संदीप जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी ग्रामीण उपस्थित रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार