देवीधार में तीन गांव के देवडांगरों ने दिया सुख समृद्धि का आशीर्वाद
निसंतान महिलाएं पुत्र प्राप्ति के लिए मां भगवती के डोले के नीचे से गुजरीं. मान्यता है कि डोला रथ यात्रा के नीचे से गुजरने वाली निसंतान महिलाओं की मुराद पूरी कर मां उनकी कोख भरती हैं।
लोहाघाट। मां भगवती मंदिर देवीधार लोहाघाट में 26 वें देवी महोत्सव के समापन पर तीन गांव के देवी रथों ने देवीधार मंदिर की परिक्रमा की। इस दौरान हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने मां भगवती मंदिर देवीधार में शीष नवाया।
गुरुवार को सुबह से देवीधार मंदिर में पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई। शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट में सबसे पहले रायनगर चौड़ी से देवडांगरों ने देवीरथ पर सवार होकर मां भगवती मंदिर की परिक्रमा की। डोले में कालिका के रुप में हरीश कापड़ी विराजमान रहे। 5 बजकर 5 मिनट पर कलीगांव के देवीरथ में मां भगवती के रुप में नारायण पुजारी और महाकाली के रुप में हरु देवी सवार थी। अंत में करीब 5 बजकर 30 मिनट में डैंसली गांव से मां भगवती का डोला मंदिर पहुंचा। जिसमें भगवती के देवडांगर करन देऊपा और महाकाली के रतन सिंह देवीरथ में सवार रहे। महिलाओं ने मां के जयकारे लगाए। देवीधार विकास समिति के अध्यक्ष जीवन मेहता ने आने वाले समय में महोत्सव को भव्य रुप दिया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर शिविर का आयोजन किया गया था। मंदिर में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त था।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार