September 15, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

मकान में लगी आग से दिव्यांग सेवानिवृत्त शिक्षिका की मौत

Dukan Ad
Dukan Ad

-टनकपुर के ज्ञानखेड़ा में हुई वारदात, शार्ट सर्किट से लगी आग गुरुवार की रात पौने आठ बजे की घटना, घर में अकेली थी मृतका

चंपावत/टनकपुर : जिले के टनकपुर नगर के ज्ञानखेड़ा स्थित एक मकान में आग लगने से दिव्यांग सेवानिवृत्त शिक्षिका की मौत हो गई। मकान में आग लगने की सूचना के बाद दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। शुक्रवार को पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कर उसे स्वजन को सौंप दिया।
सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ज्ञानखेड़ा पंचायतघर के पास अंजन कुमार वर्मा के मकान को प्रियांशु मित्तल ने किराए में लिया था। जिसमें वह अपनी सास दिव्यांग भावना वर्मा (55) पत्नी स्व. राकेश वर्मा और अपनी पत्नी के साथ रहते थे। गुरुवार की रात पौने आठ बजे करीब शार्ट सर्किट से मकान में आग लग गई। आग देखते ही देखते तेजी से फैल गई। अग्निशमन की टीम ने आनन-फानन में मौके पर पहुंच आग पर काबू किया, लेकिन तब तक घर के भीतर फंसी भावना वर्मा की जलकर मौत हो चुकी थी। मृतका के संबंधी और भेषज संघ के सेवानिवृत्त जिला समन्वयक राकेश वर्मा ने बताया कि पक्षाघात की बीमारी के चलते कुछ साल पूर्व भावना वर्मा दिव्यांग हो गई थी और बोल नहीं पाती थीं। शारीरिक अक्षमता के कारण उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी। बताया कि आग लगने के बाद वह घर से बाहर भी नहीं निकल सकी और आग की लपटों में जलकर उनकी दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतका की दो बेटियां हैं, छोटी बेटी की शादी प्रियांशु मित्तल के साथ हो चुकी है, जबकि बड़ी बेटी भोजीपुरा अस्पताल में नर्स है। अग्निकांड के समय दामाद व छोटी बेटी घर पर मौजूद नहीं थे। आग लगने से घर के में रखा बेड, फ्रिज सहित कई घरेलू सामान भी स्वाहा हो गया। अग्निशमन अधिकारी अमर सिंह अधिकारी ने बताया कि आग बुझाकर महिला के शव को बरामद कर इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। एसएसआइ सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि शुक्रवार को मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे स्वजनों को सौंप दिया गया।

शेयर करे