October 31, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

चार मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लोहाघाट पुलिस ने बरामद की शत-प्रतिशत सामग्री

Dukan Ad
Dukan Ad

चार मंदिरों में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, लोहाघाट पुलिस ने बरामद की शत-प्रतिशत सामग्री

कढ़ाई, भूमिया, महादेव और इष्टदेव मंदिरों को बनाया था निशाना, पुलिस ने दोनों मामलों का किया खुलासा

लोहाघाट। क्षेत्र के चार मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को लोहाघाट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिरों से चोरी की गई शत-प्रतिशत सामग्री बरामद करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक की उम्र 23 वर्ष और दूसरे की 25 वर्ष बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, नवरात्र से पूर्व थाना लोहाघाट क्षेत्र के कढ़ाई मंदिर, भूमिया मंदिर, महादेव मंदिर और इष्टदेव मंदिर में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इस संबंध में प्रदीप सिंह देव और विशन मुरारी की तहरीर पर पुलिस ने दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में घटनाओं के खुलासे के लिए थानाध्यक्ष ओम प्रकाश के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद 29 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें अनुज सिंह फर्त्याल को टाककरायत तिराहे से करीब डेढ़ किलोमीटर आगे तथा सचिन सिंह देव को बिसंग तिराहे पर लकड़ी के खोखे के पास से पकड़ा गया।

चार मंदिरों से चोरी की गई सामग्री बरामद

पुलिस के मुताबिक, कढ़ाई मंदिर कर्णकरायत से पीली धातु के दो मोर, दो चेन, लोहे का एक मूसल, घंटियों की पांच लटकन, पीतल का एक दीपक, दो घंटियां, माता दुर्गा की एक मूर्ति, सफेद धातु का डिजाइनदार छत्र और एक पेचकस बरामद किया गया।

भूमिया मंदिर ग्राम मोत्यूराज के दानपात्र से चोरी किए गए 1500 रुपये, महादेव मंदिर ग्राम झलानदेव से पांच तांबे के कलश तथा इष्टदेव मंदिर ग्राम कालादेव से चार तांबे के कलश और पीतल का एक भड्डू भी बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

पुलिस ने अनुज सिंह फर्त्याल (23) पुत्र भगवान सिंह फर्त्याल, निवासी ग्राम कलचौड़ा, लोहाघाट और सचिन सिंह देव (25) पुत्र नवीन सिंह देव, निवासी ग्राम झलानदेव, पोस्ट कर्णकरायत, लोहाघाट को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थानाध्यक्ष ओम प्रकाश, उप निरीक्षक कुंदन सिंह बोरा, अपर उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह मेहरा, धर्मेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल पूरन काम्बोज तथा कांस्टेबल संजीव राज, पवन भट्ट और विजेंद्र कुमार शामिल रहे।

चम्पावत पुलिस ने आमजन से मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर देने को कहा है।

शेयर करे