जनता मिलन में 133 शिकायतें, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पेयजल, सड़क, सुरक्षा दीवार, सोलर लाइट, तारबाड़, आवास, राशन कार्ड और आर्थिक सहायता समेत विभिन्न समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल, सड़क और दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अधिकारी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से भी अवगत कराएं।
जनता मिलन के दौरान ढकना गांव निवासी होशियार सिंह को समाज कल्याण विभाग की ओर से मौके पर ही छड़ी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम लोहाघाट को मुख्यमंत्री राहत कोष से नियमानुसार सहायता दिलाने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को उपचार की आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सल्ली की संगीता रावत ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति, अष्टा बिसराड़ी के नवीन चंद्र ने भू-कटाव रोकने के लिए चेकडैम, ढकना के जोगाराम ने तारबाड़, डूंगरासेठी की सुनीता मेहता ने सोलर लाइट तथा बिसौन बाजरीकोट के नरेंद्र सिंह बोहरा ने सोलर लाइट व तारबाड़ की मांग रखी। वहीं तल्ला बापरु के पुष्कर सिंह बिष्ट ने जन्मतिथि सुधार का मामला उठाया। मुड़ियानी के किस्कोट में क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग और बाजरीकोट के पतलीखेत तोक में खराब पेयजल टैंक की समस्या भी रखी गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
उक्रांद की बैठक में उत्तराखंड उत्थान यात्रा की तैयारियों पर चर्चा
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने पर सवाल