हल्द्वानी प्रकरण को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना, एससी मोर्चा के नेतृत्व में किया धरना-प्रदर्शन
चम्पावत। हल्द्वानी में आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद सामने आए विवाद को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। रविवार को इसी प्रकरण को लेकर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के नेतृत्व में चम्पावत के मोटर स्टेशन बाजार में सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना-प्रदर्शन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हल्द्वानी प्रकरण को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।
धरने को संबोधित करते हुए भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार ने कहा कि आठ अगस्त को कांग्रेस के कार्यक्रम के बाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान में गंदगी फैल गई थी। इसके बाद स्थानीय युवाओं ने स्वेच्छा से सफाई अभियान चलाया। उन्होंने दावा किया कि इसमें मुस्लिम समाज के युवा भी शामिल हुए थे और सफाई अभियान में शामिल युवाओं का किसी राजनीतिक दल से संबंध नहीं था।
उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई अभियान के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में कांग्रेस नेताओं ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया। भाजपा को प्रकरण से जोड़कर विवाद खड़ा करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सामाजिक सौहार्द और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर काम कर रही है।
चम्पावत में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश का असर भाजपा के प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल पर कई कुर्सियां खाली नजर आईं। खराब मौसम के चलते अपेक्षित संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। हालांकि, मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान मोटर स्टेशन और मुख्य बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और जाम जैसी स्थिति बनी रही।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगौली, दर्जा राज्यमंत्री मुकेश महराना, जिला प्रभारी हिमांशु बिष्ट, एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार, अजय रॉजर, दर्जा राज्यमंत्री निर्मल महरा, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, रोशन कोहली, प्रकाश तिवारी,नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, सूरज कुमार, राज्य मंत्री किरण देवी, कैलाश अधिकारी, सुनील पुनेठा, विजय कुमार, सभासद बबीता प्रहरी, बबीता देवी, अमजद हुसैन और टीका राम समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हल्द्वानी प्रकरण को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं। चम्पावत में भारी बारिश के बीच हुआ भाजपा का प्रदर्शन राजनीतिक सक्रियता का संकेत रहा, वहीं कार्यक्रम स्थल पर अपेक्षाकृत कम भीड़ और खाली कुर्सियां भी चर्चा का विषय बनी रहीं।




More Stories
घाट-पनार मार्ग पर खड़ी अल्टो कार पर गिरा बोल्डर, एक युवक की मौत; चार गंभीर घायल
घाट-पनार मार्ग पर टैक्सी पर गिरा बोल्डर, 5 घायल दो की हालत गंभीर
एनएच का वैकल्पिक मार्ग अमोड़ी-छतकोट पाली घुरचुम में भारी मलबा आने से हुआ बाधित