May 3, 2024

चंपावत लाइव (News Network)

आम जनता की आवाज

देवभूमि का ऐसा मंदिर जहां मन्नत पूरी होने पर चढ़ते हैं धनुष

चम्पावत। देवभूमि उत्तराखंड के कुमाऊं के चंद्र शासको की राजधानी रहे चंपावत जिले में स्थित है देवताओं की विधानसभा कहा जाने वाला पवित्र मंदिर ब्यानधूरा ।
देवभूमि उत्तराखंड के एक ऐसे मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां मन्नत पूरी होने पर प्रशाद नहीं बल्कि धनुष-बाण चढ़ाए जाते हैं। मंदिर में भारी संख्या में चढ़ाए गए धनुष बाण इसका प्रमाण हैं। इस मंदिर का नाम है ब्यानधुरा है और यह मंदिर पहाड़ों के बीचों-बीच ब्यानधुरा क्षेत्र में स्थित है। इस मंदिर में ऐड़ी देवता विराजमान हैं और भगवान शिव के 108 ज्योर्तिलिंगों में से एक को यहां मान्यता प्राप्त है।
मन्नत पूरी होने पर चढ़ते हैं धनुष-बाण
वैसे तो देवभूमि में कई मंदिर हैं लेकिन ब्यानधुरा मंदिर में मन्नत पूरी होने पर धनुष बाण चढ़ाने के लिए प्रसिद्ध है। इस मंदिर के बारे में मान्यता है कि यहां अगर संतानहीन दंपती संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना और पूजा करता है तो उसकी मनोकामना जल्द पूरी होती है और फिर मंदिर धनुष बाण या फिर अस्त्र-शस्त्र चढ़ाए जाते हैं। मंदिर के बारे में यह भी कहा जाता है कि अगर अंखड़ ज्योति जलाकर कीर्तिन करें तब भी उसकी मनोकामना पूरी हो जाती है।
देवताओं की विधानसभा है यह मंदिर
ब्यानधुरा शब्द का अर्थ है बाण की चोटी और जिस पहाड़ की चोटी पर यह मंदिर स्थित है, उसका आकार धनुष के समान है। इस मंदिर में ऐडी देवता विराजमान हैं। वैसे तो कुंमाऊं में ऐडी देवता के कई मंदिर मिल जाएंगे लेकिन सभी मंदिरों में इस मंदिर पौराणिक मान्यता ज्यादा है। इसी कारण कुमाउं में इसे देवताओं की विधानसभा के नाम से जाना जाता है।
महाभारत से इस मंदिर का संबंध
ब्यानधुरा मंदिर में स्थित ऐडी देवता कालांतर में राजा ऐडी लोकदेवताओं में पूजे जाते हैं और जहां यह मंदिर स्थित है, राजा ऐडी ने यहीं तपस्या की थी। अपने तप के बल से राजा ने देव्तत्व प्राप्त किया था। राजा ऐडी धनुष विघा में काफी निपुण थे और उनका एक रूप महाभारत काल में अर्जुन के रूप में अवतार लिया। पांडवों ने अज्ञातवास के दौरान इस क्षेत्र को अपना निवास स्थान बनाया था। साथ ही अर्जुन ने यहीं पर अपने गांडीव धनुष को पहाड़ की चोटी के पत्थर के नीचे छिपाए थे, जो आज भी मौजूद हैं।
उत्तरायणी पर्व पर भव्य मेले का होता है आयोजन
कहा जाता है कि ऐडी देवता के अवतार ही उस धनुष को उठा पाते हैं। मुगलों ने कई बार इस क्षेत्र में आक्रमण किया लेकिन ब्यानधुरा क्षेत्र की चमत्कारिक शक्ति की वजह से पहाड़ से आगे नहीं बढ़ पाते थे। ब्यानधुरा मंदिर से कुछ ही दूरी पर गुरु गोरखनाथ की धूनी है, जो लगातार जलती रहती है। इसके साथ ही एक और धूनी मंदिर में स्थित है। इस मंदिर में मकर संक्रांति, चैत्र नवरात्र और माघी पूर्णमासी को भव्य मेले का आयोजन किया जाता है।
प्राकृतिक सौंदर्य को देखने पहुंचते हैं पर्यटक
पहाड़ के बीचों-बीच स्थित इस मंदिर केवल मान्यताओं के लिए ही नहीं बल्कि अपने मनोहर दृश्य को लेकर भी काफी प्रसिद्ध है। धीरे-धीरे पर्यटकों में यह स्थल काफी लोकप्रिय होता जा रहा है खासकर उत्तरायणी पर्व पर पर्यटक भारी संख्या में पहुंचते हैं। मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण चारों ओर से पहाड़ों से घिरा ब्यानधुरा मंदिर अपने पौराणिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण स्थान है। यहां के सुंदर नजारे पर्यटकों को काफी आकर्षित करते हैं। नदियां और पहाड़ ब्यानधुरा मंदिर की शोमा और बढ़ाते हैं।