अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन की त्वरित जांच, मौके पर नहीं मिली अनियमितता
चंपावत । सोशल मीडिया पर खेतखेड़ा क्षेत्र में अवैध खनन की शिकायत मिलने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम से मौके का निरीक्षण कराया। जांच में किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं मिला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल पर शारदा कॉरिडोर परियोजना के तहत नदी सुरक्षा (रिवर प्रोटेक्शन) का कार्य तकनीकी मानकों के अनुसार किया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में राजस्व, खनन विभाग और यूपीडीसीसी (UPDCC) की संयुक्त टीम ने शारदा नदी के समीप खेतखेड़ा क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। शिकायत में बताए गए स्थल की गहन जांच के दौरान किसी भी तरह की अवैध खनन गतिविधि नहीं पाई गई।
निरीक्षण में सामने आया कि संबंधित स्थान पर शारदा कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत नदी सुरक्षा कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था पूर्व में एकत्रित मलबे को स्वीकृत योजना और तकनीकी मानकों के अनुरूप व्यवस्थित कर रही थी।
उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान शारदा नदी के बढ़ते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्य पूरी सावधानी और निर्धारित मानकों के अनुरूप किए जाएं, ताकि भू-कटाव या अन्य किसी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न न हो।
जिला खनन अधिकारी राहुल रावत ने बताया कि जिस स्थान को लेकर अवैध खनन की शिकायत की जा रही थी, वह किरोड़ा नाले में प्रस्तावित कार्यों का हिस्सा है। वहां पहले से मौजूद मलबे को व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा था। मौके पर किसी भी प्रकार का अवैध खनन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि वर्षाकाल में भू-कटाव और जनहानि जैसी किसी भी स्थिति से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन का निरीक्षण, मौके पर नहीं मिली अनियमितता

More Stories
खाई में गिरी कार, चारों सवारों को सुरक्षित निकाला
मरीजों की समस्याएं उठाना पड़ा भारी! जिला अस्पताल की खबरों से नाराज चिकित्सकों ने पत्रकारों के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन
चम्पावत में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, आज कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद