October 19, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

चंपावत जिला अस्पताल में पहली बार लगेगी फेको मशीन, मोतियाबिंद के मरीजों को मिलेगी राहत

Dukan Ad
Dukan Ad

चंपावत जिला अस्पताल में पहली बार लगेगी फेको मशीन, मोतियाबिंद के मरीजों को मिलेगी राहत

…मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल से स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती, ऑपरेशन के लिए दूसरे शहरों की दौड़ लगाने से मिलेगी निजात

चंपावत। जिला अस्पताल चंपावत में अब मोतियाबिंद के मरीजों को आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन की सुविधा मिलने की राह खुल गई है। अस्पताल के लिए फेको मशीन उपलब्ध कराई गई है। मशीन स्थापित होने के बाद मरीजों को नेत्र उपचार के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। अब तक जिला अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

…मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फेको मशीन के माध्यम से मोतियाबिंद का ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से किया जाता है। इसमें अल्ट्रासाउंड की मदद से आंख के धुंधले प्राकृतिक लेंस को छोटे टुकड़ों में तोड़कर निकाला जाता है और उसकी जगह कृत्रिम लेंस लगाया जाता है।

बुजुर्ग मरीजों को होगा विशेष लाभ

फेको तकनीक से सामान्यतः छोटे चीरे के जरिए ऑपरेशन किया जा सकता है। इससे मरीज को पारंपरिक सर्जरी की तुलना में जल्दी रिकवरी में मदद मिल सकती है। मशीन स्थापित होने और आवश्यक विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होने के बाद जिले के बुजुर्गों सहित मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार का लाभ मिल सकेगा। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों के समय, यात्रा खर्च और परेशानी में भी कमी आने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि जिला अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होने से जनपद के लोगों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। फेको मशीन की स्थापना से नेत्र चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मोतियाबिंद के मरीजों को लाभ होगा। हमारा प्रयास है कि जिले के लोगों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हों।

शेयर करे