July 6, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

यूपीसीएल कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, अधिशासी अभियंता समेत छह कर्मचारी मिले गायब

यूपीसीएल कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, अधिशासी अभियंता समेत छह कर्मचारी मिले गायब
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों में लापरवाही पर जताई नाराजगी, स्पष्टीकरण तलब
चम्पावत। जनपद में सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को यूपीसीएल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सहित छह कार्मिक निर्धारित समय से पहले कार्यालय से अनुपस्थित मिले। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों, आरटीआई रजिस्टर, कार्यालय अभिलेखों, कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यालय व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना अनुमति कार्यालय से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एक शिकायतकर्ता से स्वयं फोन पर बात कर मामले की जानकारी ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि नवंबर 2025 में 14 हजार रुपये और फरवरी 2026 में 6,075 रुपये का बिजली बिल जमा करने के बावजूद मार्च और अप्रैल का करीब 88 हजार रुपये का बिल जारी कर दिया गया। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मामले को प्रथम दृष्टया विभागीय लापरवाही मानते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को तत्काल स्पष्टीकरण देने, प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सौरई और तामली क्षेत्र में बार-बार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार करने, झूलते तारों को दुरुस्त कराने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग जनता की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

शेयर करे