July 6, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

टनकपुर से नांदेड और मुंबई के लिए रेल सेवा शुरू, शाहजहांपुर तक बढ़ी टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन

टनकपुर से नांदेड और मुंबई के लिए रेल सेवा शुरू, शाहजहांपुर तक बढ़ी टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन
चम्पावत। कुमाऊं समेत उत्तराखंड के लिए सोमवार का दिन रेल संपर्क के लिहाज से ऐतिहासिक रहा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और अजय टम्टा ने वर्चुअल माध्यम से टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत पैसेंजर के शाहजहांपुर तक विस्तारित संचालन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
नई रेल सेवाओं से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा। खासकर कुमाऊं क्षेत्र के यात्रियों, तीर्थयात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और जनभावनाओं को देखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस एवं नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया है।

साथ ही टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा को शाहजहांपुर तक विस्तारित किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में 37 हजार किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई है और लगभग 99.6 प्रतिशत रेल मार्गों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। सामान्य यात्रियों की सुविधा के लिए 12 हजार नए जनरल कोच तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें से चार हजार कोच पहले ही ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसे कुमाऊं और पूरे उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आस्था, पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक एकता का मजबूत सेतु बनेगी। उन्होंने कहा कि टनकपुर पूर्णागिरि धाम और आदि कैलाश यात्रा का प्रवेश द्वार है तथा नई रेल सेवा से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय उत्पादों को भी नए बाजार मिलेंगे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस के संचालन से धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने कहा कि नई रेल सेवा सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी और श्रद्धालु अब सीधे गुरु गोबिंद सिंह की पावन धरती नांदेड तक यात्रा कर सकेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि यह सौगात सीमांत क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी करने वाली है। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का भी आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है।
पीलीभीत में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि शाहजहांपुर तक ट्रेन विस्तार और नांदेड के लिए सीधी रेल सेवा से क्षेत्र के यात्रियों, सिख श्रद्धालुओं तथा पर्यटन को नया लाभ मिलेगा।

उन्होंने पीलीभीत से अमृतसर के लिए भी सीधी ट्रेन चलाने की आवश्यकता उठाई।
कार्यक्रम में सांसद मिथलेश कुमार समेत विभिन्न              जनप्रतिनिधियों ने भी नई रेल सेवाओं का स्वागत किया। टनकपुर में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

.

शेयर करे

You may have missed