August 16, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

लोहाघाट में शुरू हुआ डॉ. एल. डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन, बेसहारा पशुओं को मिलेगा आधुनिक उपचार

Dukan Ad
Dukan Ad

लोहाघाट में शुरू हुआ डॉ. एल. डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन, बेसहारा पशुओं को भी मिलेगा आधुनिक उपचार

संवाददाता लोहाघाट।  लोहाघाट में पशु कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए डॉ. एल. डी. भट्ट मेमोरियल वेटरनरी फाउंडेशन का बुधवार को शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने एनजीओ निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रयासों तथा राजभट्ट के सहयोग से स्थापित इस आधुनिक पशु चिकित्सालय का फीता काटकर उद्घाटन किया।

उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस वेटरनरी हॉस्पिटल की स्थापना जनपद में पशु चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि यहां उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों के माध्यम से पालतू पशुओं के साथ-साथ घायल एवं बेसहारा (स्ट्रीट) पशुओं को भी गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा पशुओं के अधिकार, सुरक्षा एवं कल्याण को लेकर जारी दिशा-निर्देशों की भावना के अनुरूप यह पहल समाज में पशु संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने का कार्य करेगी। उन्होंने संस्था द्वारा पशु सेवा एवं संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संगठनों और जनसहभागिता से पशु कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव लाया जा सकता है।
फाउंडेशन का संचालन गिरीश चंद भट्ट, किशोर सिंह बिष्ट एवं अनीता बिष्ट द्वारा किया जाएगा, जबकि पशुओं के उपचार की जिम्मेदारी डॉ. जतिन खर्कवाल संभालेंगे।
इस अवसर पर निष्काम एनिमल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि किशोर सिंह बिष्ट ने बताया कि संस्था द्वारा एक एनिमल रेस्क्यू सेंटर भी संचालित किया जा रहा है, जहां घायल, बीमार एवं पीड़ित पशुओं का रेस्क्यू कर उनका उपचार और देखभाल की जाती है। उन्होंने कहा कि भविष्य में पशु कल्याण एवं संरक्षण से जुड़े कार्यों का दायरा और अधिक विस्तृत किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनपद में पशु चिकित्सा एवं पशु संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रेरणादायी और महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

शेयर करे