चम्पावत। जनपद के लटोली गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को देश के प्रति उनकी असाधारण एवं विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए 29 जून 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) से सम्मानित किए जाने पर पूरे चम्पावत जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।
लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी ने अपने लंबे सैन्य करियर में श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों तथा जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया। उन्होंने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक-1 कोर के कमांडर और महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में भी अहम जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
इससे पहले उन्हें उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं के लिए अति विशिष्ट सेवा मेडल (AVSM) और सेना मेडल (SM) से भी सम्मानित किया जा चुका है। परम विशिष्ट सेवा मेडल भारतीय सशस्त्र बलों का सर्वोच्च शांतिकालीन विशिष्ट सेवा सम्मान है, जो उनकी उत्कृष्ट नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गजेंद्र जोशी ने अपनी वीरता, अनुशासन और उत्कृष्ट सैन्य नेतृत्व से न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि गजेंद्र जोशी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनका यह सम्मान पूरे चम्पावत जनपद के लिए गर्व का विषय है।


More Stories
प्रगतिशील किसान कमल गिरी के गिरी गार्डन पहुंचे पिथौरागढ़ के किसान, एकीकृत खेती की तकनीकों की ली जानकारी
एसएसबी में बाल दिवस पर फैंसी ड्रेस और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
लोहाघाट में सरस्वती शिशु मंदिर और विवेकानंद विद्या मंदिर का पूर्व छात्र मिलन समारोह आयोजित, राष्ट्र निर्माण में योगदान का किया आह्वान