September 13, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद; एसपी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ

Dukan Ad
Dukan Ad

यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद; एसपी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ
चम्पावत। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए चम्पावत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को लेकर सभी सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने शनिवार को पुलिस लाइन चम्पावत में आयोजित ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा ड्यूटी में तैनात नोडल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता तथा आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
एसपी ने जनपद मुख्यालय एवं आसपास स्थित परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन की तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा के विशेष इंतजाम
जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
चम्पावत और लोहाघाट क्षेत्र को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल, अभिसूचना इकाइयों और एसओजी टीमों की तैनाती की गई है।
अभ्यर्थियों की सघन जांच के लिए डीएफएमडी और मेटल डिटेक्टर का उपयोग किया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा की दृष्टि से धारा 163 बीएनएसएस लागू की गई है।
होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट और होमस्टे में भी लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है।
मौसम विभाग द्वारा जारी वर्षा अलर्ट को देखते हुए सभी संबंधित इकाइयों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में परीक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चम्पावत पुलिस परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि कोई व्यक्ति परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने, अनुचित साधनों का प्रयोग करने अथवा परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता में बाधा डालने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करे