June 3, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

मार्ग से बाड़ीगाड़ में गिरने से दंत चिकित्सक की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

मार्ग से बाड़ीगाड़ में गिरने से दंत चिकित्सक की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
लोहाघाट। मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में कार्यरत दंत चिकित्सक डॉ. लोकेश जोशी की मार्ग से गहरी बाड़ीगाड़ में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 2 जून की रात डॉ. लोकेश जोशी (40) पुत्र स्व. सदानंद जोशी अपने आवास लोहाघाट के ठाड़ाढुंगा लौट रहे थे। घर के समीप मार्ग पर अचानक संतुलन बिगड़ने से वह गहरी बाड़ीगाड़ में गिर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां न तो पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था थी और न ही सुरक्षा के लिए रेलिंग लगी हुई थी।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें तत्काल बाहर निकालकर उप जिला अस्पताल लोहाघाट पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी डॉ. जोशी ठाड़ाढुंगा में किराए के मकान में अपनी पत्नी और इकलौती बेटी के साथ रह रहे थे। वह मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे थे तथा पूर्व में पीपीपी मोड के तहत संचालित लोहाघाट अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। लोहाघाट पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को ढांढस बधाया। इस अवसर पर जीवन गहतोड़ी, कीर्ति बगौली, डॉ राठी आदि लोग भी मौजूद रहे।
डॉ. जोशी के असामयिक निधन से चिकित्सा जगत सहित क्षेत्र में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

शेयर करे