जलभराव की समस्या को लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सड़क निर्माण की जांच की मांग
संवाददाता टनकपुर। विष्णुपुरी ज्ञानखेड़ा जनहित संघर्ष समिति ने वार्ड नंबर 11 में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की है।
समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम से मुलाकात कर बताया कि भारी बारिश के दौरान वार्ड नंबर 11 और रेलवे क्षेत्र वार्ड नंबर 4 के बीच स्थित बरसाती नाले को पाटकर सड़क निर्माण किए जाने से जल निकासी बाधित हो गई है। आरोप है कि नगर पालिका परिषद टनकपुर द्वारा बनाए गए इस निर्माण कार्य के कारण नालियों का गंदा पानी और कचरा बारिश के समय लोगों के घरों में घुस जाता है, जिससे स्थानीय निवासियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
समिति का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में नगर पालिका परिषद टनकपुर तथा मुख्यमंत्री को भी कई बार ज्ञापन देकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। समिति ने नाले पर हुए कथित अतिक्रमण को जलभराव का मुख्य कारण बताया।
उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में महामंत्री परमानंद जोशी, कमल पाटनी, पूजा शर्मा, खड़क सिंह बिष्ट, शरद कुमार कश्यप, भवान सिंह कुल्याल, पुष्पा, हरिशंकर, रजनी, दीपक जोशी, सीता, कुंवर पाल, दीपा रावत, घनश्याम भट्ट, निर्मला, ललित जोशी, मीना मेहता समेत अनेक वार्डवासी मौजूद रहे।

More Stories
लोहाघाट में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पांच नेपाली घायल
चंपावत की ऐतिहासिक रामलीला 149वें वर्ष में प्रवेश, …सीएम धामी ने 2 करोड़ 47 लाख रुपये से मंच,मैदान के लिए किए स्वीकृत
बनबसा में 6.85 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार