गोल्ज्यू महोत्सव 2026 में आज से सजेगी ‘स्टार नाइट्स’ की रंगारंग महफिल, गोरलचौड़ मैदान बनेगा संस्कृति और सुरों का संगम
चंपावत ।
देवभूमि की समृद्ध लोक संस्कृति, आस्था और परंपराओं के प्रतीक गोल्ज्यू महोत्सव 2026 में आज से बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक संध्याओं ‘स्टार नाइट्स’ का भव्य आगाज़ होने जा रहा है। नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा आयोजित यह महोत्सव 04 मई से पूरे उत्साह और गरिमा के साथ संचालित हो रहा है तथा अब अपने सांस्कृतिक शिखर की ओर बढ़ रहा है।
जनपद के ऐतिहासिक गोरलचौड़ मैदान में आज से संगीत, लोकसंस्कृति और रंगारंग प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जहाँ उत्तराखंड के प्रसिद्ध कलाकार अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 14 मई (बृहस्पतिवार) को प्रसिद्ध लोक गायक दर्शन फर्स्वाण, फौजी ललित मोहन जोशी, स्वाति भट्ट एवं हरू जोशी अपनी दमदार प्रस्तुतियों से महोत्सव में लोकधुनों की छटा बिखेरेंगे।
वहीं 15 मई (शुक्रवार) को गोविंद एवं खुशी दिगारी, श्वेता माहरा तथा सौरभ मैठाणी अपनी विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
महोत्सव के अंतिम एवं समापन दिवस 16 मई (शनिवार) को सुप्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय, इंद्र आर्या एवं नीरज चुफाल अपनी सुरीली और ऊर्जावान प्रस्तुतियों से महोत्सव को यादगार विदाई देंगे।
महोत्सव के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नगर पालिका एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि गोल्ज्यू महोत्सव केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान, लोकआस्था और सामूहिक उल्लास का जीवंत प्रतीक है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
गोल्ज्यू महोत्सव 2026 : आज से सजेगी स्टार नाइट्स, गायक फौजी ललित मोहन जोशी के गीतों पर झूमेंगे दर्शक

More Stories
संदिग्ध परिस्थितियों फंदे में लटकी मिली महिला
एबीसी अल्मा मेटर स्कूल में दिव्या ने 92.6 प्रतिशत अंक पाकर स्कूल किया टॉप
शादी के चार दिन बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार, जेवर लेकर दिल्ली पहुंची