टनकपुर में भीषण अग्निकांड, फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा
संवाददाता टनकपुर। वार्ड नंबर-1 स्थित पुरानी टंकी क्षेत्र में बुधवार तड़के दुकानों में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन टनकपुर की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से आसपास की कई दुकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात करीब 2:27 बजे फायर स्टेशन टनकपुर को पुरानी टंकी के पास दुकानों में आग लगने की सूचना मिली। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी एफएसएसओ अमर सिंह अधिकारी के नेतृत्व में फायर टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और लगातार फैल रही थी।
फायर कर्मियों ने तत्काल मोटर फायर इंजन (एमएफई) से पंपिंग कर होज पाइप की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण फायर टेंडर का पानी समाप्त हो गया,
जिसके बाद वाहन को जल संस्थान टनकपुर से दोबारा पानी भरने भेजा गया। इसके बाद मिनी हाई प्रेशर पंप और होज रील की सहायता से लगातार प्रयास करते हुए आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आगजनी में कई कॉस्मेटिक, बैग, बेल्ट और चश्मे की दुकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित दुकानों में रुचि वर्मा, सतपाल सिंह, देवेंद्र, करन, रामप्रकाश और श्याम की दुकानें शामिल हैं।
घटना के बाद फायर टीम ने स्थानीय लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह भी दी।

More Stories
आर्म रेसलिंग में चंपावत पुलिस के महेंद्र सिंह रावत ने जीता कांस्य
एसएसजे विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी 11 पदों के लिए 14 नामांकन, पांच पदों पर निर्विरोध निर्वाचन तय
चंपावत बार संघ चुनाव में भास्कर मुरारी अध्यक्ष निर्वाचित गुणानंद थ्वाल ने सचिव पद पर दर्ज की जीत, अशोक चौधरी बने उपाध्यक्ष