April 28, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

निष्पक्ष और नकलमुक्त होगी परीक्षा 17 मई की स्नातक स्तरीय परीक्षा के लिए नई SOP लागू

17 मई की स्नातक स्तरीय परीक्षा के लिए नई SOP लागू, नकल पर सख्ती
संवाददातत चंपावत ।
जनपद चम्पावत में 17 मई को प्रस्तावित स्नातक स्तरीय परीक्षा को निष्पक्ष और नकलमुक्त बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस संबंध में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आयोग द्वारा जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत परीक्षा केंद्रों पर कई सख्त प्रावधान लागू किए जाएंगे—
सभी परीक्षा कक्षों में जैमर लगाए जाएंगे
सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी होगी
अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य रहेगी
प्रवेश से पहले सघन चेकिंग की जाएगी
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के निजी सामान रखने की कोई व्यवस्था नहीं होगी।
केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य
अध्यक्ष ने सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण किया जाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और कोचिंग संस्थानों पर भी विशेष नजर रखने को कहा गया है।
अभ्यर्थियों से की अपील
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक जानकारी से दूर रहें और अपनी तैयारी पर ध्यान दें। आयोग ने भरोसा दिलाया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, डिप्टी कलेक्टर विपिन पंत, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी सीमा बंगवाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

शेयर करे