February 12, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पूरी, 21 फरवरी से 44 केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं, एडीएम ने दिए निर्देश

बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पूरी, 21 फरवरी से 44 केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं; एडीएम ने दिए निर्देश
संवाददाता चंपावत।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जनपद चम्पावत में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षाएं आगामी 21 फरवरी 2026 से 20 मार्च 2026 तक संचालित होंगी।

परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी श्री कृष्णनाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में परीक्षा व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष जनपद से कुल 5356 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं।

इनमें हाईस्कूल के 2879 तथा इंटरमीडिएट के 2477 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। सभी परीक्षाएं एकल पाली में आयोजित की जाएंगी।

जनपद में इस वर्ष कुल 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 43 मिश्रित केंद्र एवं 1 एकल केंद्र शामिल है। साथ ही इस वर्ष डांडा ककनाई एवं खटोली में दो नए परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।

अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे तथा धारा-163 का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। केंद्रों की निगरानी हेतु सचल दलों का गठन किया गया है, जो औचक निरीक्षण करेंगे।

साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, समुचित बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी भरत जोशी, उपखंड शिक्षा अधिकारी कमल भट्ट, संजय भट्ट, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।

शेयर करे

You may have missed