पुनोली में कृषि यंत्र वितरण में नहीं मिली वित्तीय अनियमितता विधायक अधिकारी ने लगाए थे गंभीर आरोप
चंपावत। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की ओर से ग्राम पंचायत पुनोली में फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत स्वयं सहायता समूह को दी गई धनराशि में वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। मामले की जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण अजय सिंह के नेतृत्व में अभिलेखीय और स्थलीय जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि मां अम्बे स्वयं सहायता समूह ने 18 अक्टूबर 2024 को कृषि यंत्र खरीदने के लिए नियमानुसार प्रस्ताव पारित किया था। योजना के तहत कृषि विभाग ने समूह को चार लाख रुपये की सब्सिडी दी, जबकि समूह ने एक लाख रुपये का अंश जमा किया।
जांच में सामने आया कि पांच दिसंबर 2024 को समूह ने भविष्य महिला ग्राम संगठन से 90 हजार रुपये ऋण की मांग की थी। इसके आधार पर 11 दिसंबर को चेक के माध्यम से राशि उपलब्ध कराई गई, जिसका उपयोग कृषि यंत्र खरीदने और ऋण भुगतान में किया गया।
स्थलीय सत्यापन में आटा चक्की, पावर वीडर, ब्रश कटर समेत अन्य कृषि यंत्र समूह की सदस्यों और महिला किसानों को नियमानुसार वितरित पाए गए। लाभार्थियों और उपकरणों का विवरण अक्षांश-देशांतर (Lat-Long) युक्त फोटो के साथ सत्यापित मिला।
जांच रिपोर्ट के अनुसार योजना के क्रियान्वयन और वित्तीय लेनदेन में गबन अथवा किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की पुष्टि नहीं हुई।

More Stories
चंपावत की बेटी दिव्यांशी कार्की ने UGC-NET लॉ (विधि) विषय में हासिल की सफलता
राहुल गांधी का पुतला फूंका, कांग्रेस पर तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति का आरोप
पांच सूत्रीय मांगों को लेकर फार्मेसी अधिकारियों का आंदोलन तेज, दूसरे दिन भी बांह पर काली पट्टी बांधकर जताया विरोध