चंपावत। हल्द्वानी में आयोजित विजय शंखनाद रैली के बाद मंच के शुद्धीकरण को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान के विरोध में भाजपा अनुसूचित मोर्चा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चंपावत में प्रदर्शन किया। भाजपा जिला कार्यालय के सामने कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और खड़गे राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आयोजित विजय शंखनाद रैली के बाद मंच के शुद्धीकरण के मामले को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने राजनीतिक रंग देने का प्रयास किया है। उन्होंने खड़गे के बयान को दलित अस्मिता से खिलवाड़ बताते हुए कांग्रेस पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सूरज कुमार, कुमाऊं संयोजक गोविंद प्रसाद, प्रदेश मंत्री सूरज प्रहरी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विजय कुमार, दर्जा मंत्री किरण देवी और बाराकोट की ब्लॉक प्रमुख सीमा आर्य के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी की रैली के बाद कांग्रेस अब जातीय मुद्दे के सहारे राजनीतिक डैमेज कंट्रोल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से तुष्टीकरण और जातिवाद की राजनीति करती आई है, लेकिन उत्तराखंड की जनता इस तरह की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला उपाध्यक्ष कैलाश अधिकारी, राजू गड़कोटी, सभासद पुष्पा ओझा, सूरज कुमार,गोविंद प्रसाद, समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



More Stories
पुनोली में कृषि यंत्र वितरण में नहीं मिली वित्तीय अनियमितता विधायक अधिकारी ने लगाए थे गंभीर आरोप
चंपावत की बेटी दिव्यांशी कार्की ने UGC-NET लॉ (विधि) विषय में हासिल की सफलता
राहुल गांधी का पुतला फूंका, कांग्रेस पर तुष्टिकरण और जातिवाद की राजनीति का आरोप