पाटन पाटनी के चौसाल तोक में गौशाला में लगी भीषण आग
लोहाघाट, 1 फरवरी 2026: आज रविवार शाम करीब 8 बजे ग्राम सभा पाटन पाटनी के चौसाल तोक में मुरलीधर पांडे और प्रकाश पांडे की दो मंजिला गौशाला में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई।
एकांत में स्थित गौशाला होने से आग की जानकारी ग्रामीणों को थोड़ी देर बाद ही मिली।सूचना मिलते ही पाटन पाटनी और रायकोट महर के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने के साथ-साथ गौशाला में रखी कुछ घास को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
ग्रामीणों ने तुरंत लोहाघाट दमकल विभाग, पुलिस और राजस्व टीम को सूचना दी।लोहाघाट से फायर टीम, पुलिस व राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन सड़क न होने से दमकल वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका।
फायर कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सौभाग्य से इस अग्निकांड में कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई, हालांकि आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था और उसकी लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं।
ग्रामीणों ने फायर टीम को भरपूर सहयोग दिया। इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख प्रकाश चंद्रा, सुभाष कुमार, मोहन पाटनी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रदीप कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य शोभन सिंह बोरा, ग्राम प्रधान नीतू विश्वकर्मा, हरीश पाटनी, गंगा पाटनी, मोहित पांडे, सुनील पाटनी, करण कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विशेष रूप से लाश तोक मल्ला पाटन मझगांव के युवाओं ने आग बुझाने में सराहनीय भूमिका निभाई।आग बुझाने का कार्य जारी है।

More Stories
सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री साझा करना पड़ा भारी, टनकपुर में मुकदमा दर्ज
विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष:पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रहे है जिला पंचायत सदस्य योगेश जोशी
केएमवीएन में गैर सरकारी निदेशक बने रोहित बिष्ट, भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी