वनाग्नि रोकथाम के लिए समय से तैयारी सुनिश्चित करें- जिलाधिकारी
**जिला स्तरीय वनाग्नि सुरक्षा समिति की बैठक में दिए निर्देश**
चम्पावत, 24 जनवरी 2026: जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित जिला स्तरीय वनाग्नि सुरक्षा समिति की बैठक में आगामी वनाग्नि सत्र के लिए रोकथाम व नियंत्रण की विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। जनपद के 62,098 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र को आग से सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने विकासखंड स्तर की वनाग्नि समितियों को मजबूत बनाने, कंट्रोल बर्निंग को वैज्ञानिक तरीके से करने व इसकी सूचना समय पर जनता तक पहुंचाने तथा विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह ने बताया कि फरवरी के पहले सप्ताह में अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में बच्चों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम चलेंगे। जनपद में वर्तमान में 82 फायर क्रू स्टेशन कार्यरत हैं।
**मॉडल स्टेशन तैयार करें, उपकरण चेक करें**
जिलाधिकारी ने फायर सीजन से पहले सभी तैयारियां पूरी करने, मॉडल फायर क्रू स्टेशन स्थापित करने व अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील रखने के आदेश दिए। उन्होंने कहा, “वनाग्नि एक व्यक्ति से लग सकती है, लेकिन उसे रोकना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।” जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
बैठक में वनाग्नि के प्रमुख कारणों—नई घास के लिए जंगल जलाना, पथों से पिरूल हटाने हेतु आग लगाना व निजी भूमि में आड़ा जलाना—पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। 31 मार्च के बाद आड़ा जलाना पूर्ण प्रतिबंधित रहेगा। डिस्ट्रिक्ट फायर प्लान 2026-27 पर भी अंतिम रणनीति तय की गई।
**ये भी सुनिश्चित करें**
– पशुओं के लिए चारा व पेयजल व्यवस्था।
– चाल-खाल सफाई व उपकरण उपलब्धता।
– फायर इमरजेंसी में चिकित्सक, मेडिकल सुविधा व फायर टेंडर तैनाती।
– सड़क किनारे ज्वलनशील सामग्री हटाना।
– कंट्रोल बर्निंग पूर्व सूचना व पेड़ संरक्षण अभियान।
– संवेदनशील क्षेत्रों में क्षमता निर्माण व प्रशिक्षण।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, एसडीओ फॉरेस्ट सुनील कुमार सहित अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार