September 11, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

दो माह से नहीं मिला मानदेय, जनवरी से ईपीएफ भी लंबित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन ने ज्ञापन भेजकर जताई नाराजगी, आउटसोर्स कंपनी पर कार्रवाई की मांग

Dukan Ad
Dukan Ad

दो माह से नहीं मिला मानदेय, जनवरी से ईपीएफ भी लंबित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन ने ज्ञापन भेजकर जताई नाराजगी, आउटसोर्स कंपनी पर कार्रवाई की मांग
चंपावत, 30 दिसंबर (संवाददाता):
जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत आउटसोर्स से कार्यरत कर्मियों को पिछले दो माह से मानदेय नहीं मिला है। साथ ही जनवरी 2025 से उनका कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) भी जमा नहीं किया गया है। इससे 172 से अधिक कार्मिक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन के प्रदेश संगठन मंत्री प्रेमबल्लभ भट्ट ने बताया कि आउटसोर्स करने वाली कंपनी की लापरवाही से कर्मचारियों को समय पर वेतन और सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह श्रम कानूनों और सेवा शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है।संगठन ने बताया कि पूर्व में कर्मचारियों की ओर से कंपनी को ईपीएफ राशि जमा करने के लिए पत्र भेजा गया था। इसके बाद NHM की एचआर सेल ने भी संबंधित कंपनी को पत्र लिखा, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला।
संगठन ने आरोप लगाया कि एचआर सेल की ओर से भी कंपनी को दोबारा अनुस्मारक पत्र नहीं भेजा गया, जिससे कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है।कर्मचारी नेता चंद्रमोहन लडवाल, दिनेश थ्वाल, जितेंद्र पांडे, संगीता जोशी, रवि भट्ट और विमलेश गहतोड़ी सहित अन्य ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद एनएचएम कर्मी पूरी निष्ठा से स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन कर रहे हैं।
ऐसे में मानदेय और सामाजिक सुरक्षा से वंचित रखना अन्यायपूर्ण है। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र मानदेय भुगतान और संबंधित कंपनी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शेयर करे