पूर्णागिरि यात्रा होगी बारहमासी
…किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹48.37 करोड़ की स्वीकृति,
मुख्यमंत्री धामी की बड़ी पहल
चम्पावत, 30 दिसम्बर:
विश्वप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम यात्रा अब पूरे वर्ष संचालित करने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए शासन ने टनकपुर नगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत नायकगोठ स्थित किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹48.37 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस पुल के निर्माण से पूर्णागिरि यात्रा के बारहमासी संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। मुख्यमंत्री की इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को पूरे वर्ष सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। साथ ही, इससे क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिल सकेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।शासन से स्वीकृत इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत 480 मीटर लंबाई एवं 120 मीटर स्पैन का यह पुल बनाया जाएगा।
परियोजना को मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 1984/2015 के अंतर्गत मंजूरी दी गई है। ब्रिज कंस्ट्रक्शन एंड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (ब्रिडकुल) की हल्द्वानी इकाई द्वारा तैयार ई-डीपीआर के परीक्षण उपरांत शासन ने निर्माण की स्वीकृति दी है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुल टनकपुर नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। पुल बनने से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के आवागमन में काफी सुविधा होगी और पूर्णागिरि धाम तक पहुंचने में आने वाली कठिनाइयां समाप्त होंगी।उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पुल निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिल सके।
पूर्णागिरि यात्रा होगी बारहमासी …किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए ₹48.37 करोड़ की स्वीकृति

More Stories
पूर्णागिरि में मुंडन के नाम पर श्रद्धालुओं से लूट, वसूली जा रही है डबल धनराशि
शारदा कॉरिडोर परियोजना निर्माण कार्य के लिए समिति गठित, जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दिए निर्देश