जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार सिमल्टा से शुरू हुआ बहुउद्देशीय शिविर अभियान, 500 से अधिक लोगों को मिला लाभ
चम्पावत।
राज्य सरकार के जनकल्याणकारी अभियान “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के तहत जिले में बहुउद्देशीय शिविरों की श्रृंखला की शुरुआत मंगलवार को तहसील चम्पावत के सिमल्टा ग्राम से की गई। शिविर में 500 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।शिविर में श्रम, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, डेयरी, समाज कल्याण, ऊर्जा, राजस्व, कृषि विभाग, आयुष, मत्स्य, सहकारिता, बैंकिंग, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन आदि विभागों के स्टॉल लगाए गए।
विभागों की ओर से ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को सीधे मौके पर सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सा विभाग ने 100 से अधिक लोगों की जांच की तो डेयरी विभाग ने 70 लाभार्थियों को सेवा दी। साथ ही शिविर में छह नए आधार कार्ड भी बनाए गए।इस मौके पर सैनिक कल्याण, शिक्षा, सिंचाई, पीएमजीएसवाई, गृह, पेयजल व लोक निर्माण विभाग समेत अन्य विभागों ने भी अपनी सेवाएँ उपलब्ध कराईं। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण की सुविधा भी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शिविर का निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से संवाद किया तथा 100 से अधिक शिकायतों और मांगों का मौके पर निस्तारण किया। उन्होंने शेष प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 17 दिसंबर से 30 जनवरी 2026 तक जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों व न्याय पंचायतों में इस अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुँच सके।
शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल “बालिका जन्मोत्सव” में नन्हीं बालिकाओं के साथ केक काटकर उत्सव मनाया। साथ ही कृषकों को कृषि यंत्र भी वितरित किए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने ग्रामीणों को “मेरी योजना पुस्तक” की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चम्पावत श्रीमती अंचला बोहरा, जिला पंचायत सदस्य शैलेश जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, विभिन्न ग्राम प्रधानों सहित अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती, अन्य विभागीय अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार सिमल्टा से शुरू हुआ बहुउद्देशीय शिविर अभियान, 500 से अधिक लोगों को मिला लाभ

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार