दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में लोहाघाट में फूटा आक्रोश, छात्रों ने निकाली रैली
एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने दिया समर्थन, पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
लोहाघाट। दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को लोहाघाट में छात्र-छात्राओं ने आक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन बाजार स्थित वीर कालू सिंह चौराहे से रैली निकालकर रोडवेज बस स्टेशन पर धरना दिया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लगातार भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने से लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। उनका आरोप था कि शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन कर रहे छात्रों पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
प्रदर्शन को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस का भी समर्थन मिला। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सक्षम अधिकारी ने कहा कि निहत्थे छात्रों पर बल प्रयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र हितों की अनदेखी की जा रही है और युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई।
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने भी केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि छात्र हितों पर किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पेपर लीक प्रकरण से जुड़े उन छात्रों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की, जिन्होंने कथित रूप से आत्महत्या की। साथ ही अग्निवीर योजना का मुद्दा भी उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम में सुप्रिया, पूजा गोस्वामी, आरती अधिकारी, अजय बिष्ट, आयुष गोस्वामी, एडवोकेट भुवन चौबे, सोनम बोहरा, मंटू ओली, सोनाक्षी महरा, श्वेता महरा, रिया महरा, शिखा, निखिल फर्त्याल, दिव्य गॉड़, मोहित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा मौजूद रहे।


More Stories
चम्पावत में लगेगी आधुनिक मौसम निगरानी प्रणाली, किसानों को मिलेगा ग्राम स्तर पर सटीक मौसम पूर्वानुमान
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफाई और मलबा हटाने का अभियान तेज, सुरक्षित यातायात पर फोकस
जनकांडे पटवारी चौकी दोबारा संचालित करने की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन