आरएसएस और एबीवीपी से जुड़े रहे हैं डॉ. पंत, संगठन में मजबूत पकड़ और मुख्यमंत्री से नजदीकी को माना जा रहा दावेदारी का आधार
लोहाघाट। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के टिकट की दावेदारी लगातार रोचक होती जा रही है। पार्टी से टिकट पाने के लिए आधा दर्जन से अधिक नेता पहले ही सक्रिय हैं। अब इस फेहरिस्त में एक और नाम जुड़ने से क्षेत्र की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मूल रूप से बाराकोट ब्लॉक के छुलापे गांव निवासी डॉ. नवीन चंद्र पंत भी इन दिनों लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा रहे हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से लंबे समय तक जुड़े रहे डॉ. पंत की सक्रियता को राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि संघ और भाजपा संगठन में उनकी अच्छी पकड़ है। इसके अलावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से उनकी नजदीकी को भी उनकी दावेदारी के लिहाज से अहम माना जा रहा है। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ ही भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं से उनके बेहतर संपर्क होने की भी चर्चा है।
वर्तमान में डॉ. नवीन चंद्र पंत उत्तराखंड संस्कृत संस्थान के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्य मंत्री हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता, संगठनात्मक पृष्ठभूमि और बाराकोट ब्लॉक के मूल निवासी होने को उनकी दावेदारी के पक्ष में महत्वपूर्ण पहलू माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने लोहाघाट विधानसभा से भाजपा का टिकट दिए जाने को लेकर पार्टी नेतृत्व को पत्र भेजकर अपनी दावेदारी भी प्रस्तुत की है।
इधर, विधानसभा चुनाव में अभी समय होने के बावजूद क्षेत्र में टिकट के दावेदारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। कई नेता जगह-जगह बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगाकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने में जुटे हैं। क्षेत्र में पहले से सक्रिय दावेदारों के बीच डॉ. पंत की एंट्री ने राजनीतिक चर्चाओं को और तेज कर दिया है। सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले डॉ. पंत तीन दशक से समय से संगठन के लिए कार्य कर रहे हैं।
ऐसे में भाजपा के सामने पुराने दावेदारों के साथ ही संगठनात्मक पृष्ठभूमि वाले नए चेहरों का विकल्प भी मौजूद रहेगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी नेतृत्व टिकट वितरण के दौरान संगठन के प्रति निष्ठा, क्षेत्रीय समीकरण, जनाधार और चुनाव जीतने की संभावनाओं को प्रमुखता दे सकता है।
वहीं, डॉ. नवीन पंत का कहना है कि उनके लिए पार्टी और संगठन सर्वोपरि हैं। पार्टी नेतृत्व जो भी निर्णय लेगा, वह उसका सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि कमल के फूल को मजबूत करने के लिए वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
फिलहाल लोहाघाट विधानसभा में भाजपा टिकट को लेकर दावेदारों की बढ़ती सक्रियता ने सियासी माहौल गर्मा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेतृत्व अनुभवी दावेदारों पर भरोसा जताता है या संगठन से जुड़े किसी नए चेहरे को मौका देकर चुनावी मुकाबले को नया मोड़ देता है।


More Stories
धौन क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे डीएम, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
संस्कृत ग्राम खर्ककार्की पहुंचे दर्जा मंत्री डॉ. नवीन पंत, ग्रामीणों ने किया भव्य स्वागत
चंपावत में 55.52 करोड़ से बन रहा साइंस सेंटर, चाय बागान में भी विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं