टुकटुक की बैटरी चोरी का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपित गिरफ्तार
चम्पावत (टनकपुर)। टनकपुर पुलिस ने टुकटुक से बैटरी चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई बैटरी भी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को इन्द्र प्रकाश कश्यप ने कोतवाली टनकपुर में तहरीर देकर बताया कि अज्ञात चोर उनके टुकटुक से बैटरी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर कोतवाली टनकपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार सुरागरसी की। जांच के दौरान पुलिस ने रेलवे स्टेशन के समीप लॉन्ड्री विभाग की नई बिल्डिंग के पास से दो संदिग्धों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी की गई ADDO THE KING कंपनी की बैटरी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विमलेश पुत्र मैकूलाल तथा डोरीलाल पुत्र बाबूराम, दोनों निवासी उमरिया, थाना बरखेड़ा, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ा दी है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कमल कुमार तथा कांस्टेबल हितेन्द्र वर्मा शामिल रहे।

More Stories
देवीधुरा बग्वाल मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा
नेपाल में आपदा के बाद चम्पावत में अलर्ट, SDRF हाई अलर्ट पर
सीजनल इन्फ्लुएंजा को लेकर चम्पावत स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश