मायावती चिकित्सालय में निशुल्क सुपर स्पेशियलिटी चिकित्सा शिविरों का शुभारंभ।
नेत्र, हृदय, ईएनटी, मूत्र एवं किडनी रोग विशेषज्ञ दे रहे सेवाएं; भारी बारिश के बावजूद पहुंचे मरीज
संवाददाता लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती स्थित धर्मार्थ चिकित्सालय में रविवार से बहुप्रतीक्षित निशुल्क चिकित्सा शिविरों की श्रृंखला शुरू हो गई है। शिविरों में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों के मरीजों का परीक्षण एवं उपचार कर रहे हैं। हालांकि दिनभर हुई भारी वर्षा के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से अपेक्षाकृत कम मरीज शिविर तक पहुंच पाए।
चिकित्सालय में 5 जून तक चलने वाले विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर के अंतर्गत नेत्र रोगियों की जांच, ऑपरेशन तथा आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं 2 जून तक आयोजित हृदय रोग चिकित्सा शिविर में हृदय संबंधी विभिन्न समस्याओं से ग्रसित मरीजों का परीक्षण कर उपचार एवं परामर्श दिया जा रहा है। इसके साथ ही ईएनटी (नाक, कान एवं गला) रोगों का विशेष शिविर भी प्रारंभ हो गया है, जो आगामी पांच दिनों तक चलेगा। प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन डॉ. देवव्रत हालदार अत्याधुनिक मशीनों की सहायता से मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार प्रदान कर रहे हैं। सोमवार से मूत्र एवं किडनी रोगों के लिए विशेष चिकित्सा शिविर भी शुरू होगा। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त यूरोलॉजिस्ट एवं किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक दुबे 3 जून तक अपनी सेवाएं देंगे। शिविर में प्रोस्टेट, पथरी, मूत्र संक्रमण एवं किडनी संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों का निशुल्क परीक्षण और उपचार किया जाएगा। वहीं चिकित्सालय में 15 मई से संचालित विश्वस्तरीय शल्य चिकित्सा शिविर का भी लाभ अब तक सैकड़ों मरीज उठा चुके हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से लोहाघाट से मायावती चिकित्सालय तक मरीजों के आवागमन हेतु निशुल्क वाहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मायावती में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में अधिक से अधिक लोग इन निशुल्क चिकित्सा शिविरों का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार कराएं।
फोटो – ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. देवव्रत हालदार अत्याधुनिक मशीन के माध्यम से एक मरीज की जांच करते हुए।

More Stories
हरियाली के बीच देवीधार में 81 लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
एसबीआई आरसेटी चम्पावत में ब्यूटी पार्लर एवं फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन
तेज बारिश के बीच चम्पावत पुलिस बनी श्रद्धालुओं की मददगार, बाटना गाड़ में फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकाला