टनकपुर में मीडिया सेंटर का निर्माण तेज करने के निर्देश
डीएम ने किया निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण, हर शुक्रवार होगी कार्यों की समीक्षा
चंपावत। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत टनकपुर में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय से पहले काम पूरा करने के निर्देश दिए।
टनकपुर में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से दो प्रमुख परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनमें नगर पालिका के लिए कम्युनिटी सेंटर तथा पत्रकारों की सुविधा के लिए आधुनिक मीटिंग हॉल, गेस्ट हाउस और कार्यस्थल का निर्माण शामिल है। जिला प्रशासन के अनुसार, प्रथम चरण में एक करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त होने के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
डीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों की प्रत्येक शुक्रवार को समीक्षा की जाएगी। वहीं, उपजिलाधिकारी टनकपुर को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के साथ गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
मीडिया सेंटर के निर्माण से क्षेत्र के पत्रकारों को बेहतर कार्यस्थल और आवश्यक सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं, कम्युनिटी सेंटर से स्थानीय लोगों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार पिंकी आर्य, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह सामंत, नगर पालिका के ईओ ऋषभ उनियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
लोहाघाट में 2.47 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने की कार्रवाई
डीएम ने टनकपुर तहसील का किया निरीक्षण, लंबित मामलों के निस्तारण के निर्देश
उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्: डॉ. नवीन चंद्र पंत को बनाया गया ‘उपाध्यक्ष’ (दर्जा मंत्री)