संवाददाता लोहाघाट ।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को देवीधार मंदिर परिसर, लोहाघाट में हरित योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक वातावरण और हरियाली के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता कर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। योग अनुदेशक श्रीमती लीला जोशी ने योगाभ्यास सत्र का निर्देशन किया, जबकि श्रीमती कविता बोहरा एवं श्रीमती सोनिया आर्या ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को योग के महत्व से अवगत कराया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को प्राकृतिक एवं हरित वातावरण में योगाभ्यास के लिए प्रेरित करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रोत्साहित करना था। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधाकर गंगवार ने किया। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह, राष्ट्रीय आयुष मिशन के जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुधाकर गंगवार, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के जिला नोडल अधिकारी डॉ. उमेश भारती, तथा हरित योग कार्यक्रम की सह-नोडल अधिकारी डॉ. जेबा मलिक सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कुल 81 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।





More Stories
आधी रात बेलखेत में खड़ी जेसीबी में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
पारिवारिक विवाद में शिक्षिका पत्नी ने शिक्षक पति पर किया चाकू से हमला, गंभीर घायल
हरेला महोत्सव पर भिंगराड़ा में वृहद पौधारोपण, दुबचौड़ा मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़