May 18, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

13 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का प्रदर्शन सुनवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन

13 सूत्रीय मांगों को लेकर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ का प्रदर्शन
सुनवाई नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
संवाददाता चंपावत। उत्तराखंड राज्य जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने अपनी 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को मुख्य शिक्षाधिकारी कार्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए सरकार पर लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
संघ के जिलाध्यक्ष रमेश देव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में शिक्षक सीईओ कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने कहा कि वे पिछले कई वर्षों से विभिन्न मांगों को शासन स्तर पर उठाते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदर्शन के बाद शिक्षकों ने एडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की।
शिक्षक संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से मुक्त करने, जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन की श्रेणी में शामिल करने तथा प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों को सेवाकाल में तीन पदोन्नति देने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा जूनियर हाईस्कूलों में अंग्रेजी विषय का पांचवां पद सृजित करने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, शिक्षकों को स्वास्थ्य प्राधिकरण के तहत निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए संकुल, विकासखंड एवं जिला स्तर पर अलग-अलग बजट निर्धारित करने की मांग भी उठाई गई।
संघ ने सीपीएड शिक्षकों को एलटी व्यायाम शिक्षक पदों पर समायोजित करने तथा 5400 ग्रेड वेतन प्राप्त शिक्षकों को राजपत्रित अधिकारी घोषित करने की मांग भी रखी।
प्रदर्शन में जगदीश तड़ागी, पुष्करनाथ गोस्वामी, देवेंद्र देव, सुभाष चंद्र, कृष्ण कुमार चौबे, हर्ष प्रदीप टम्टा, पान सिंह अधिकारी, रमेश कुमार, त्रिलोक राम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
शेयर करे

You may have missed