संवाददाता/चम्पावत 12 फरवरी 2026
मां पूर्णागिरि मेले की तैयारियों को लेकर डीएम की व्यापक समीक्षा बैठक मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
27 फरवरी से 15 जून 2026 तक आयोजित होने वाले उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को बूम फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में मेले की समीक्षा बैठक ली
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ने माँ पूर्णागिरि मंदिर यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा पूर्णतः सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित होनी चाहिए जिससे श्रद्धालुओं को यात्रा एवं पैदल मार्गों पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने मेले के दौरान किराया नियंत्रण एवं वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आईपी आधारित सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम स्थापित करें।
जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को उच्चस्तरीय बनाए रखने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अंतर्गत पियाऊ, वाटर कूलर, टैंकर एवं सोलर हैंड पंप की व्यवस्था करने, अनाधिकृत पेयजल संयोजन समाप्त करने तथा अस्थायी पथ प्रकाश व्यवस्था, सोलर स्ट्रीट लाइट हाईमास्क लाइट को दुरुस्त करने के साथ लटके हुए तारों को ठीक करने को कहा।
मेले के दौरान चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ रखने हेतु पर्याप्त संख्या में चिकित्सकों की तैनाती, ऑक्सीजन सिलेंडर, मोबाइल केयर यूनिट एवं एसडीआरएफ टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
यात्रा मार्ग में टैक्सी संचालन को सुव्यवस्थित व सूचारु बनाए रखने हेतु सभी टैक्सी यूनियन के वाहनों की सूची बनाकर बैच बनाकर मार्ग में संचालित किए जाएगे। जिससे कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो।
मेले में आने वाली भीड़ के प्रबंधन को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पैदल मार्गों पर चैन डिवाइडर लगाने, अनाधिकृत मार्गों पर अस्थायी बैरिकेडिंग करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साइनेज बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए गए।
आगजनी की घटनाओं से अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत धर्मशालाओं एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्निशमन यंत्र एवं फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने तथा फायर यूनिट एवं फायर वॉचर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मूल्य नियंत्रण बनाए रखने हेतु रेट लिस्ट जारी करने एवं नियमित निरीक्षण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए ।
मंदिर समिति द्वारा प्रस्तावित सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने को कहा।
बैठक में एसडीएम अनुराग आर्या, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार,
पुलिस उपाधीक्षक वंदना वर्मा, तहसीलदार टनकपुर जगदीश नेगी, एएमए जिला पंचायत कमलेश बिष्ट सहित मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे ।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मां पूर्णागिरि मेल को सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के अनुकूल आयोजित किया जाएगा।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार