June 11, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम से मिला आश्वासन, शीघ्र शुरू होगा धिंघारुकोट–बांस बस्वाड़ी सड़क निर्माण

जनता मिलन कार्यक्रम में डीएम से मिला आश्वासन, शीघ्र शुरू होगा धिंघारुकोट–बांस बस्वाड़ी सड़क निर्माण
पाटी (चंपावत), संवाददाता।
पाटी ब्लॉक क्षेत्र के बांस–बस्वाड़ी और आसपास के गांवों में लंबे समय से सड़क सुविधा के अभाव से जूझ रहे ग्रामीणों की उम्मीदों को नई दिशा मिली है। सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग रखी।
इस पर डीएम ने आश्वासन दिया कि धिंघारुकोट–बांस बस्वाड़ी सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरवरी माह में क्षेत्र की समस्याओं को देखते हुए धिंघारुकोट से बांस बस्वाड़ी तक लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण को प्राथमिकता सूची में शामिल करने की घोषणा की थी।
बावजूद इसके कार्य आरंभ न होने से ग्रामीणों में नाराज़गी थी।धिंघारुकोट, बांस बस्वाड़ी, टापर, पारगाड़, दौड़, बसान आदि गांवों के लोग फलोत्पादन, दुग्ध व्यवसाय और घास बेचकर आजीविका चलाते हैं। क्षेत्र में सड़क न होने के कारण इन्हें अपने उत्पाद सिर पर ढोकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है, जिससे उनकी आमदनी का बड़ा हिस्सा ढुलाई में खर्च हो जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क न होने से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सतीश जोशी, प्रकाश पांडे, धीरज पांडे, नीरज जोशी, नारायण दत्त, प्रेम सिंह आदि ने कहा कि सड़क बनने से न केवल क्षेत्र की यातायात सुविधा सुधरेगी, बल्कि पलायन की समस्या पर भी रोक लगेगी।
उन्होंने बताया कि अब बच्चे और खासकर बालिकाएँ उच्च शिक्षा के लिए आसानी से स्कूल व कॉलेज पहुँच सकेंगी। फिलहाल क्षेत्र में अधिकांश छात्राएँ आठवीं या दसवीं तक ही पढ़ाई कर पाती हैं क्योंकि आगे की शिक्षा के लिए कई किलोमीटर पैदल जंगली रास्तों से होकर जाना पड़ता है।ग्रामीणों ने डीएम के आश्वासन पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि सड़क निर्माण शुरू होने पर उनका वर्षों पुराना सपना साकार होगा। इस सड़क के बन जाने से पाटी ब्लॉक मुख्यालय की दूरी भी लगभग 20 किलोमीटर कम हो जाएगी।

शेयर करे