प्रवासी ग्रामीणों की घर वापसी से लौटी गांव की रौनक, जिलाधिकारी ने मेले को व्यापक पहचान दिलाने का दिया भरोसा
चम्पावत। भैया दूज के पावन पर्व पर आदि शक्ति मां भगवती मंदिर परिसर में पारंपरिक बग्वाली मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। मेले में लोक संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिली। आयोजन में दर्जा राज्यमंत्री हुकम सिंह कुंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी और जिलाधिकारी मनीष कुमार ने प्रतिभाग कर ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। मंदिर समिति की ओर से अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
ग्रामीणों के आमंत्रण पर मेले में पहुंचे जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि चम्पावत के सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों में आज भी अनेक पौराणिक एवं सांस्कृतिक परंपराएं अपने मूल स्वरूप में जीवंत हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बग्वाली मेले की परंपरा को जिस समर्पण के साथ सहेजकर रखा है, वह सराहनीय है। मेले में शामिल होने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों में रह रहे प्रवासी ग्रामीण भी अपने पैतृक गांव पहुंचे, जिससे गांव में रौनक लौट आई। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गांव की जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Bजिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बग्वाली मेले को व्यापक पहचान दिलाने, इसके आयोजन को और भव्य बनाने तथा पर्यटकों को क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति से परिचित कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मेला समिति और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय परंपराओं को संरक्षित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान ग्रामीणों की ओर से रखे गए सहयोग संबंधी अनुरोधों पर भी उन्होंने विचार कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
कार्यक्रम में आईपीएस आशु पंत, दरबान सिंह रजवार, गोविंद बोहरा, हरगोविंद सिंह बोहरा, कुंवर सिंह पर्थोली, दान सिंह बिष्ट, पुष्कर सिंह धौनी, पूर्व प्रधान सरिता अधिकारी, मां भगवती मंदिर समिति के अध्यक्ष आनंद जोशी, उपाध्यक्ष संतोक धौनी, दिनेश पांडे, दयाकृष्ण उपाध्याय, अमरनाथ बोहरा, शेखर पांडे और प्रवीण पांडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




More Stories
एनडीए में 14वीं रैंक हासिल करने वाली शीतल मेहता को घर पहुंचकर जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
लोहाघाट में भाजपा टिकट के दावेदारों की सूची में जुड़ा एक और नाम, डॉ. नवीन पंत की एंट्री से बढ़ी सियासी हलचल
धौन क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे डीएम, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह