November 11, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

एनडीए में 14वीं रैंक हासिल करने वाली शीतल मेहता को घर पहुंचकर जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

एनडीए में 14वीं रैंक हासिल करने वाली शीतल मेहता को घर पहुंचकर जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

ऐपण और शॉल भेंटकर बढ़ाया बेटी का हौसला, माता-पिता और दादी को भी किया सम्मानित; सीमांत क्षेत्र की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

चम्पावत। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) के 157वें कोर्स में चयनित होकर अखिल भारतीय स्तर पर 14वीं रैंक हासिल करने वाली ग्राम बिल्दे (टुनकांडे) निवासी शीतल मेहता को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने उनके घर पहुंचकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने शीतल को ऐपण और शॉल भेंटकर उनकी उपलब्धि की सराहना की। इस दौरान उन्होंने शीतल की दादी और माता-पिता को भी सम्मानित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि एनडीए जैसी कठिन प्रतियोगी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करना गौरव की बात है। शीतल की यह उपलब्धि उनके परिवार और गांव के साथ ही पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता सीमांत क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों को आगे बढ़ने और सेना में अधिकारी बनने का सपना साकार करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने शीतल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शीतल ने जवाहर नवोदय विद्यालय चम्पावत से 12वीं की पढ़ाई पूरी की है। उनके पिता श्याम सिंह मेहता वाहन चालक हैं, जबकि माता नंदा देवी गृहिणी हैं। उनके भाई रोशन मेहता भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सेवाएं दे रहे हैं। शीतल ने कहा कि उनकी सफलता से माता-पिता का गौरव बढ़ा है, यह उनके लिए सबसे बड़ी खुशी है। घर पहुंचकर सम्मानित करने के लिए उन्होंने जिलाधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य अतिथियों का आभार जताया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, आईपीएस आशू पंत, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि संजय पांडेय सहित ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शीतल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी के समक्ष गांव में पुस्तकालय और ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। जिलाधिकारी ने ओपन जिम की मांग पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

शेयर करे