छमनिया महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण, तीन शिफ्टों में कार्य कराने को कहा
लोहाघाट। विकासखंड लोहाघाट के छमनिया में करीब 256 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में निर्माणाधीन यह स्पोर्ट्स कॉलेज महिलाओं और बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में बेहतर अवसर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों और बालिकाओं के लिए बनाए जा रहे छात्रावास के साथ ही बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल और हॉकी मैदान, रनिंग ट्रैक तथा दर्शक दीर्घा सहित विभिन्न खेल अवस्थापनाओं के निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। उन्होंने प्रथम चरण में प्रस्तावित छात्रावास और खेल सुविधाओं के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।
उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए पर्याप्त श्रमिकों, तकनीकी कर्मचारियों और निर्माण सामग्री की उपलब्धता तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए सुबह, दोपहर और रात की तीनों शिफ्टों में लगातार निर्माण कार्य कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि महिला स्पोर्ट्स कॉलेज क्षेत्र की बालिकाओं और महिला खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। ऐसे में निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

More Stories
चंपावत में 16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना अभियान, तैयारियों की समीक्षा
दीपावली पर भी डर के साये में सुई के ग्रामीण, तीसरे दिन भी खाली रहे पिंजरे
गुलदार की दहशत से शाम होते ही सड़कों पर पसरा सन्नाटा, समय से पहले बंद हो रहीं दुकानें