चंपावत में 16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना अभियान, तैयारियों की समीक्षा
30 नवंबर तक चलेगा अभियान, पोर्टल के माध्यम से खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे लोग
ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
चंपावत। जनगणना के द्वितीय चरण के तहत चंपावत जिले में 16 नवंबर से स्व-गणना अभियान शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अजय सिंह और अपर जिलाधिकारी (एडीएम) कृष्ण नाथ गोस्वामी की अध्यक्षता में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक लोगों को पोर्टल के माध्यम से अपनी गणना स्वयं करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अधिकारियों ने फील्ड ट्रेनरों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को स्व-गणना पोर्टल के उपयोग और पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाए। इससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया समझाने के साथ ही उन्हें अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित कर सकेंगे।
अभियान की शुरुआत स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से की जाएगी। जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम पंचायतों, ग्राम प्रधानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), शिक्षण संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षण संस्थानों के साथ ही विकासखंड, तहसील और न्याय पंचायत मुख्यालयों में जागरूकता बैठकें आयोजित की जाएंगी।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित अवधि के भीतर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपनी स्व-गणना पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, रजिस्ट्रार कानूनगो, फील्ड ट्रेनर, मास्टर ट्रेनर, जिला जनगणना समन्वयक आवेश धीमान, तकनीकी सहायक, बाल विकास परियोजना अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जनगणना प्रभारी एवं नेटवर्क इंजीनियर दिग्विजय पांगती सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
दीपावली पर भी डर के साये में सुई के ग्रामीण, तीसरे दिन भी खाली रहे पिंजरे
गुलदार की दहशत से शाम होते ही सड़कों पर पसरा सन्नाटा, समय से पहले बंद हो रहीं दुकानें
गुलदार ने गौशाला का दरवाजा तोड़कर बैल को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत