November 7, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

दीपावली पर भी डर के साये में सुई के ग्रामीण, तीसरे दिन भी खाली रहे पिंजरे

Dukan Ad
Dukan Ad

दीपावली पर भी डर के साये में सुई के ग्रामीण, तीसरे दिन भी खाली रहे पिंजरे

13 वर्षीय हर्षित को निवाला बनाने वाले गुलदार की तलाश जारी, पांच पिंजरे और 14 कैमरों से रखी जा रही नजर

लोहाघाट। ग्राम पंचायत सुंई पऊ के डुंगरी क्षेत्र में गुलदार की दहशत कम होने का नाम नहीं ले रही है। दीपावली पर्व पर भी ग्रामीण डर के साये में जीने को मजबूर हैं। गुलदार को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे तीसरे दिन भी खाली रहे। चार दिन पूर्व गुलदार ने 13 वर्षीय हर्षित को अपना निवाला बना लिया था। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद वन विभाग ने गुलदार की तलाश तेज करते हुए प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। गुलदार को पकड़ने के लिए पांच पिंजरे लगाए गए हैं। इसके अलावा उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 12 ट्रैप कैमरे और दो लाइव कैमरे लगाए गए हैं। रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। ग्रामीणों को गुलदार से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। कैमरों की मदद से गुलदार की लोकेशन ट्रैक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इधर, बाराकोट ब्लॉक के गुलदार प्रभावित डोबाभागू, गल्लागांव, रैघाड़ी और सुंगरखाल क्षेत्रों में भी वन विभाग ने चार पिंजरे लगाए हैं। रेंजर नंदकिशोर पंत ने बताया कि विभागीय टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं। ग्रामीणों से अकेले जंगल और सुनसान रास्तों पर नहीं जाने तथा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।

डीएफओ धीनो पुरुषोत्तम और एसडीओ सुनील कुमार ने गल्लागांव के गुलदार प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग की टीम से अब तक की कार्रवाई की जानकारी ली और गुलदार की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा।

शेयर करे