चम्पावत में 55.52 करोड़ से बन रहा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, डीएम ने किया निरीक्षण
इसी वर्ष केंद्र को क्रियाशील करने के निर्देश, विद्यार्थियों को मिलेगी विज्ञान की आधुनिक सुविधाएं
चम्पावत, 7 नवंबर। सीमांत जनपद चम्पावत को विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में करीब 55.52 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना के तहत बन रहे इस केंद्र को जल्द शुरू करने की तैयारी है।
शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणाधीन हॉस्टल, ऑडिटोरियम, फन साइंस गैलरी, विज्ञान एवं कृषि गैलरी, एस्ट्रोनॉमी गैलरी, प्रदर्शनी कक्ष, प्रशिक्षण हॉल और दो मंजिला साइंस गैलरी ब्लॉक का निरीक्षण किया। इसके अलावा साइंस कैंपस और अन्य आधारभूत सुविधाओं की स्थिति भी देखी।
निरीक्षण के दौरान हॉस्टल, ऑडिटोरियम, सड़क और अन्य सहायक व्यवस्थाओं का निर्माण पूरा पाया गया, जबकि प्लेनेटोरियम (तारामंडल) का कार्य अभी प्रगति पर है।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे कर इसी वर्ष साइंस सेंटर को क्रियाशील किया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और प्रत्येक कार्य के लिए माइलस्टोन निर्धारित कर नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि साइंस सेंटर के शुरू होने से जनपद के विद्यार्थियों, युवाओं और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों को आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों, प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिलेगा। इससे सीमांत क्षेत्र में विज्ञान शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।

More Stories
चम्पावत में 55.52 करोड़ से बन रहा अत्याधुनिक साइंस सेंटर, डीएम ने किया निरीक्षण
जिंदगी की जंग लड़ रही टनकपुर की 10 वर्षीय दिया, इलाज के लिए आर्थिक मदद की दरकार
छमनिया महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश