96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, चंपावत से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज
चंपावत, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चंपावत दौरे के दौरान करीब 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेस वार्ता में ‘आई लव चंपावत’ कहकर जिले के प्रति अपना जुड़ाव जाहिर किया। साथ ही चंपावत ब्लॉक की 113 ग्राम पंचायतों को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के इस बयान और घोषणाओं को आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे उनके चंपावत विधानसभा सीट से ही चुनाव लड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री की ओर से चुनाव लड़ने को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान जिले में कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की लागत वाली 16 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की लागत से तैयार 11 योजनाओं का लोकार्पण और 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच नई योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
नागार्जुन पार्क और सर्किट हाउस का लोकार्पण
लोकार्पित योजनाओं में चंपावत नगर पालिका क्षेत्र में 1.38 करोड़ रुपये की लागत से नागार्जुन पार्क का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, 1.57 करोड़ रुपये से विद्युत शवदाह गृह और अन्य सुविधाओं की स्थापना तथा 11.41 करोड़ रुपये की लागत से सर्किट हाउस का विस्तारीकरण एवं उच्चीकरण प्रमुख हैं।
इसके अलावा टकनागूंठ-डांडामल्ला मोटर मार्ग, सिप्टी-न्याड़ी मोटर मार्ग, रौसाल-डूंगराबोरा-चकसिलकोट मोटर मार्ग और मरोड़ाखान-छंदा असवाड़ मोटर मार्ग के कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाएं बेहतर होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कलेक्ट्रेट के अपूर्ण भवन का निर्माण, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंपावत में कार्यशाला एवं तकनीकी प्रयोगशाला, दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क और टनकपुर स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में 98 बेड के महिला छात्रावास सहित अन्य योजनाएं जनता को समर्पित कीं।
इन पांच योजनाओं का किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने जिले के विभिन्न गांवों में 14.90 करोड़ रुपये की लागत से चेन लिंक फेंसिंग, राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार कक्षा-कक्षों के निर्माण, छतार में कुमाऊंनी शैली के घंटाघर, देवीधुरा क्षेत्र के देचमार गांव में मल्टीलेवल पार्किंग और विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजनाओं का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार सड़क, शिक्षा, पर्यटन, कृषि और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
ग्राम पंचायतों के लिए घोषणा और चुनावी चर्चा
दौरे के दौरान 113 ग्राम पंचायतों को 10-10 लाख रुपये देने की घोषणा को ग्रामीण विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, प्रेस वार्ता में ‘आई लव चंपावत’ कहने के बाद मुख्यमंत्री के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे चंपावत से आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के संभावित संकेत के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम तस्वीर मुख्यमंत्री की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिले में विकास योजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।




More Stories
टनकपुर में 1.104 किलो अफीम के साथ मामी-भांजा गिरफ्तार
सीएम धामी ने 98.18 करोड़ की 20 योजनाओं की दी सौगात
लोहाघाट में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पांच नेपाली घायल