67.24 करोड़ की 11 योजनाओं का लोकार्पण, 30.94 करोड़ की नौ का शिलान्यास; बनबसा में स्टेडियम और बैडमिंटन हॉल का भी होगा निर्माण
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 18 अक्टूबर को चंपावत जिले को 98.18 करोड़ रुपये की 20 विकास योजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 67.24 करोड़ रुपये की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 30.94 करोड़ रुपये की नौ योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन योजनाओं से सड़क, शिक्षा, पर्यटन, खेल और ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
लोकार्पण होने वाली योजनाओं में नागार्जुन पार्क का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, शवदाह गृह में विद्युत शवदाह गृह और गैस भट्टी की सुविधा, विभिन्न मोटर मार्गों का सुधार और उच्चीकरण प्रमुख हैं। इसके अलावा सर्किट हाउस के विस्तारीकरण एवं अनुरक्षण पर 11.41 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चंपावत में कार्यशाला और तकनीकी प्रयोगशाला निर्माण पर 6.76 करोड़ रुपये तथा कलक्ट्रेट के अपूर्ण प्रशासनिक भवन के निर्माण पर 3.46 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। टनकपुर में 98 बेड के महिला छात्रावास और आपदा की दृष्टि से महत्वपूर्ण दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना भी लोकार्पण की योजनाओं में शामिल है।
देवामार में बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
शिलान्यास होने वाली नौ योजनाओं में विभिन्न गांवों में चेन लिंक फेंसिंग के लिए 14.90 करोड़ रुपये और देवामार में मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण के लिए 9.80 करोड़ रुपये शामिल हैं। राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में चार कक्षा-कक्षों के निर्माण पर 1.28 करोड़ रुपये तथा छतार में कुमाऊंनी शैली के घंटाघर के निर्माण पर 1.11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर 1.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बनबसा को स्टेडियम और बैडमिंटन हॉल की सौगात
बनबसा के चूना भट्टा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चंद स्टेडियम में दर्शकदीर्घा, बाउंड्रीवाल और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इन तीन कार्यों पर कुल 68 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत 1.50 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन चारों कार्यों की कुल लागत 2.18 करोड़ रुपये बताई गई है।
योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, छात्राओं के लिए आवासीय सुविधा, युवाओं के तकनीकी प्रशिक्षण और खिलाड़ियों को खेल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं, चेन लिंक फेंसिंग से वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में खेती की सुरक्षा तथा सोलर स्ट्रीट लाइट से ग्रामीण इलाकों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।



More Stories
वन पंचायत झिरखुनी के सरपंच चुने गए राजेश जोशी
‘आई लव चंपावत’ कहकर सीएम धामी ने दिए सियासी संकेत, 113 ग्राम पंचायतों को 10-10 लाख देने की घोषणा
टनकपुर में 1.104 किलो अफीम के साथ मामी-भांजा गिरफ्तार