टनकपुर में 1.104 किलो अफीम के साथ मामी-भांजा गिरफ्तार
नेपाल सीमा पर तस्करी के लिए ले जा रहे थे अफीम, बाइक, दो मोबाइल और नकदी भी बरामद
चंपावत। ऑपरेशन प्रहार के तहत चंपावत पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 1.104 किलोग्राम अफीम के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित रिश्ते में मामी-भांजा हैं। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत 2.10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में एसओजी, एएनटीएफ और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम बिचई स्थित रेलवे अंडरपास के उत्तरी छोर पर चेकिंग के दौरान टीवीएस मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रोका। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 1.104 किलोग्राम अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जसपाल वर्मा निवासी बंडिया भट्टा, किच्छा (ऊधम सिंह नगर) और रेशमवती निवासी ग्राम बैटरा, थाना रिसौली, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने अफीम अपने रिश्तेदार विनोद लोधी निवासी बरेली से खरीदकर लाने की बात कही। उन्होंने नेपाल सीमा पर एक नेपाली व्यक्ति को अफीम बेचने की जानकारी भी दी है। पुलिस मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से अफीम के अलावा मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1,150 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ कोतवाली टनकपुर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/18/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में टनकपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, एएनटीएफ प्रभारी उपनिरीक्षक प्रकाश भट्ट समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना देने की अपील की है।

More Stories
‘आई लव चंपावत’ कहकर सीएम धामी ने दिए सियासी संकेत, 113 ग्राम पंचायतों को 10-10 लाख देने की घोषणा
सीएम धामी ने 98.18 करोड़ की 20 योजनाओं की दी सौगात
लोहाघाट में 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पांच नेपाली घायल