October 22, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

जंगली सुअर के हमले से महिला घायल, उप जिला अस्पताल में चल रहा उपचार

Dukan Ad
Dukan Ad

जंगली सुअर के हमले से महिला घायल, उप जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
टनकपुर (चंपावत)। जंगल से सटे आमबाग गांव में गौशाला में पशुओं को चारा देने गई एक महिला पर जंगली सुअर ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिवारजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। टनकपुर जंगलों और खेतों से सटे गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही पहले भी मानव–वन्यजीव संघर्ष का कारण बनती रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर बाद आमबाग निवासी 55 वर्षीय विशना देवी पत्नी देवचंद गौशाला में पशुओं को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान गौशाला के पास झाड़ियों में छिपे जंगली सुअर ने अचानक उन पर हमला बोल दिया, जिससे उनके दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे घाव आ गए। विशना देवी के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सुअर को खदेड़ कर महिला को अस्पताल लाए।
सूचना मिलने पर शारदा रेंज के वन दरोगा मुकेश तड़ागी, वन बीट अधिकारी मुल्की राज और पूजा चौहान उप जिला अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। डॉ. नौनिहाल सिंह ने बताया कि जंगली सुअर के हमले में महिला के दोनों हाथों सहित शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आई हैं, फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर है।

शेयर करे