April 25, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

Uttarkashi Cloud Burst सरकार बोली- 130 लोगों को बचाया सीएम धामी ने उच्च अधिकारियों के साथ की बैठक

सरकार बोली- 130 लोगों को बचाया गया, सीएम धामी ने उच्च अधिकारियों के साथ की बैठक
Uttarkashi Cloud Burst News उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के धराली में बादल फटने से ऊंचाई पर स्थित गांवों में मंगलवार को अचानक बाढ़ आ गई और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए या तेज पानी में बह गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि खीर गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बादल फटने से विनाशकारी बाढ़ आ गई।

उत्तराखंड में उत्तरकाशी जिले के धराली में बादल फटने से ऊंचाई पर स्थित गांवों में मंगलवार को अचानक बाढ़ आ गई और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए या तेज पानी में बह गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि खीर गंगा नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बादल फटने से विनाशकारी बाढ़ आ गई। अब तक इस घटना में 12 लोगों की मौत हो चुकी है। इलाके के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षित जगह की तलाश में इधर-उधर भाग रहे हैं। इलाके के वीडियो में पानी के तेज बहाव और लोगों को दहशत में चीखते-पुकारते देखा जा सकता है।
10 भारतीय सेना के जवान भी लापता बताए जा रहे हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए भारतीय सेना के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में अपने ही लोगों के लापता होने के बावजूद, भारतीय सेना के जवान राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
राहत कार्यों के लिए वायुसेना के कई हेलिकॉप्टर तैयार

भारतीय वायुसेना अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में राहत कार्यों के लिए भारतीय वायु सेना के चिनूक MI-17 V5, चीता और ALH हेलिकॉप्टर चंडीगढ़ वायु सेना अड्डे पर सक्रिय रूप से तैयार हैं। ये हेलीकॉप्टर आवश्यक उपकरणों और सामग्रियों के साथ तैयार हैं और प्रभावित क्षेत्रों में मौसम साफ होते ही उड़ान भरेंगे।

SDRF ने करीब 70 लोगों की जान बचाई

उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने की घटना के बाद SDRF ने अबतक 60 से 70 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए SDRF के मीडिया प्रभारी विनीत देवरानी ने बताया, ‘भटवाड़ी और गंगोत्री चौकियों से हमारे बचाव दल बचाव उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बचाव दल ने सैटेलाइट फोन के माध्यम से जानकारी दी कि अब तक आपदा प्रभावित क्षेत्र से 60 से 70 लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। SDRF की अन्य टीमें रास्ते में हैं और जल्द ही प्रभावित क्षेत्र में पहुंच जाएंगी।
: कल्प केदार मंदिर मलबे में दबा,

उत्तरकाशी के धराली में मंगलवार को बादल फटने की घटना के बाद यहां स्थित कल्प केदार मंदिर, खीर गंगा नदी के उफान पर आने से मलबे में दब गया। इसके साथ ही यहां स्थित धराली बाजार भी पूरी तरह से तहस-नहस हो गया। कल्प केदार मंदिर 19वीं सदी की शुरुआत में श्रीकंठ पर्वत से निकले वाली खीर गंगा नदी में आई बाढ़ से पहले भी दबा था। लेकिन सन 1816 में गंगा भागीरथी के उद्गम की खोज में निकले अंग्रेज यात्री जेम्स विलियम फ्रेजर ने अपने वृत्तांत में धराली में मंदिरों में विश्राम करने का उल्लेख किया है। इसके बाद सन 1869 में गोमुख तक पहुंचे अंग्रेज फोटोग्राफर व खोजकर्ता सैमुअल ब्राउन ने धराली में तीन प्राचीन मंदिरों की फोटो भी खींची, जो पुरातत्व विभाग के पास सुरक्षित हैं।
सीएम धामी ने अधिकारियों के साथ की बैठक

उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में स्थित राज्य आपदा परिचालन केंद्र में अधिकारियों के साथ बैठक की, इस दौरान उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। इस बैठक में प्रमुख सचिव, गृह सचिव और डीजीपी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

उत्तरकाशी की एसपी सरिता डोभाल ने राहत और बचाव कार्य की जानकारी देते हुए कहा, ‘लोगों को उनके घरों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। स्थानीय पुलिस, SDRF, ITBP और भारतीय सेना की राजपूत राइफल्स के जवान मौके पर मौजूद हैं। चूंकि रास्ते में एक और भूस्खलन हुआ है, इसलिए हमारी कुछ टीमें वहां पर फंसी हुई हैं।
हर्षिल में बने सेना के कैंप को भी नुकसान पहुंचने की खबर

बादल फटने की घटना में हर्षिल में बने भारतीय सेना के कैंप को भी भारी नुकसान पहुंचने की खबर है। यह कैंप 14 राजपूताना राइफल्स के जवानों का था और हादसे के बाद कई जवानों के लापता होने की खबर है। हादसे के समय कैंप में 200 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हर्षिल घाटी में नदी किनारे बना हैलीपेड भी बहा।
अभी नहीं टला है संकट, विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

उत्तराखंड में धराली में मंगलवार दोपहर को अचानक आई बाढ़ के बाद खतरा अब भी टला नहीं है। मौसम विभाग ने रात 9 बजे तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है, जिसके चलते धराली में चल रहे राहत एवं बचाव कार्य पर बुरा असर पड़ सकता है।
उत्तरकाशी की त्रासदी पर आया जेपी नड्डा का पोस्ट,कहा- अत्यंत हृदय विदारक

भारत के स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक्स पोस्ट पर लिखा कि उत्तराखंड में उत्तरकाशी स्थित धराली गांव में अचानक बादल फटने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। पीड़ितों की तत्काल सहायता के लिए उत्तराखंड सरकार समेत राहत बचाव दल पूरी तत्परता के साथ जुटा हुआ है। इस संकट की घड़ी में प्रदेश के सभी भाजपा कार्यकर्ता पीड़ितों की हरसंभव मदद के लिए संलग्न हैं। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं ईश्वर से इस भयावह दुर्घटना से प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।
पीड़ितों के प्रति मेरी संवेदना; उत्तरकाशी की घटना पर पीएम मोदी

पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल से लिखा कि उत्तरकाशी के धराली में हुई इस त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही सभी पीड़ितों की कुशलता की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर मैंने हालात की जानकारी ली है। राज्य सरकार की निगरानी में राहत और बचाव की टीमें हरसंभव प्रयास में जुटी हैं। लोगों तक मदद पहुंचाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जा रही है।

शेयर करे