September 1, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

राष्ट्रीय खेल के 235 से अधिक पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी नौकरी, टनकपुर में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ

Dukan Ad
Dukan Ad

राष्ट्रीय खेल के 235 से अधिक पदक विजेताओं को जल्द मिलेगी नौकरी, टनकपुर में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ

– 29 खिलाड़ियों को मिल चुकी है सरकारी नौकरी, पदक विजेताओं की नियुक्ति प्रक्रिया जारी
– 662 न्याय पंचायतों से शुरू होकर राज्य स्तर तक पहुंचेगी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी

टनकपुर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को जल्द सरकारी नौकरी मिलेगी। पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति देने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। अब तक 29 खिलाड़ियों को नौकरी दी जा चुकी है, जबकि 235 से अधिक पदक विजेता खिलाड़ियों की नियुक्ति की प्रक्रिया गतिमान है। जल्द ही इसके लिए विज्ञप्ति जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहला खेल विश्वविद्यालय शुरू हो चुका है, जो खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों की सबसे बड़ी पहचान उनकी ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण है। खेल और स्वस्थ शरीर ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण की आधारशिला हैं। उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। इस वर्ष प्रतियोगिता में पिछले वर्ष की तुलना में अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता की शुरुआत प्रदेश की 662 न्याय पंचायतों से हो रही है, जहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे बढ़ते हुए राज्य स्तर तक पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य खिलाड़ियों को शून्य से शिखर तक पहुंचाना है। न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। राज्य स्तर के विजेता खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।

उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। देश के युवा दुनिया के किसी भी खिलाड़ी के साथ मुकाबला करने की क्षमता रखते हैं। सरकार नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। खिलाड़ियों को बीमा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही खेल अवस्थापना सुविधाओं और प्रशिक्षण ढांचे को भी मजबूत किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का महिला स्पोर्ट्स कालेज केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश का बेटियों को समर्पित पहला स्पोर्ट्स कालेज है। खिलाड़ियों के शिक्षण और प्रशिक्षण के लिए सरकार लगातार नए अवसर उपलब्ध करा रही है। ‘एक जनपद, एक खेल’ योजना के माध्यम से भी प्रत्येक जिले की खेल पहचान विकसित करने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने वाले कुछ लोगों ने बच्चों और युवाओं के सपनों की अनदेखी की और प्रदेश को विकास की दौड़ में पीछे धकेला। आज सरकार युवाओं और खिलाड़ियों के हित में काम कर रही है तो विपक्ष जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने युवाओं से पूरी लगन और ईमानदारी के साथ मेहनत करने का आह्वान किया।

न्याय पंचायत से शुरू होगी ट्रॉफी की यात्रा

खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की शुरुआत ग्राउंड जीरो से की जा रही है। मोहनपुर रामबाग न्याय पंचायत से शुरू होने वाली यह प्रतियोगिता न्याय पंचायत स्तर से आगे बढ़ते हुए राज्य स्तर तक पहुंचेगी। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी जीतने वाली टीम को पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि 29 अगस्त को मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को बड़ी सौगात देते हुए खेल विश्वविद्यालय का शुभारंभ किया है। यह विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के साथ खिलाड़ियों की प्रतिभा और हुनर को निखारने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों की नौकरी के लिए जल्द विज्ञप्ति जारी की जाएगी।

2.5 लाख खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ का दूसरा चरण है। पिछले वर्ष खेल महाकुंभ में 11.2 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को वितरित की गई थी और 2.2 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। इस वर्ष अब तक 2.5 लाख खिलाड़ी पंजीकरण करा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ गांवों और न्याय पंचायतों में छिपी खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता एक सितंबर से 30 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, दर्जा मंत्री मुकेश महाराना, हेमा जोशी, हुकम सिंह कुंवर, सुभाष बगौली, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, जिला युवा कल्याण अधिकारी जेएस खड़ायत, ब्लाक प्रमुख रेखा बोहरा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करे