सड़क नहीं बनी तो 2027 विधानसभा चुनाव का करेंगे बहिष्कार
कुकड़ोनी के ग्रामीणों की बैठक में चेतावनी, पांच साल बाद भी सर्वे से आगे नहीं बढ़ सकी सड़क निर्माण की प्रक्रिया
संवाद सहयोगी, चंपावत: तल्लादेश क्षेत्र के कुकड़ोनी गांव के ग्रामीणों का सड़क का इंतजार लंबा होता जा रहा है। सड़क निर्माण शुरू न होने से नाराज ग्रामीणों ने अब आंदोलन का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने को मजबूर होंगे।
सोमवार को आयोजित ग्रामीणों की बैठक में लोगों ने कहा कि पिछले करीब पांच वर्षों से सड़क निर्माण के लिए केवल सर्वे की प्रक्रिया ही चल रही है, लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। सड़क सुविधा से वंचित होने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क नहीं होने से गंभीर मरीजों को करीब चार किलोमीटर तक डोली के सहारे मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे गांवों की दौड़ लगानी पड़ती है। सड़क के अभाव में क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा नहीं होने के कारण लोग पलायन करने को मजबूर हैं। करीब एक दशक पहले क्षेत्र के दो गांवों में 140 से अधिक परिवार निवास करते थे, लेकिन वर्तमान में केवल 50 से 60 परिवार ही गांवों में रह गए हैं।
बैठक में संजय बिष्ट, ठाकुर सिंह, रोहित सिंह, बचन सिंह, कमल सिंह, गोविंद सिंह और श्याम सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
क्या कहते हैं अधिकारी
पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र सिंह बोहरा ने बताया कि सल्ली-कुकड़ोनी सड़क को पीएमजीएसवाई के चौथे चरण में स्वीकृति मिल चुकी है। सड़क की डीपीआर तैयार कर अपलोड की जा चुकी है। करीब 14 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 16.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क बनने से कुकड़ोनी, बालीपीपल और आमखेत गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। वन अनापत्ति के लिए पत्रावली भी तैयार की जा चुकी है।

More Stories
अलर्ट के चलते चम्पावत में टनकपुर बनबसा को छोड़कर स्कूलों व आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश
युवाओं की क्षमता, समर्पण और संकल्प से प्रशस्त होगा उत्तराखंड के विकास का मार्ग : धामी
बनबसा में प्रबुद्धजनों से संवाद, ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को बताया विकास का आधार