बनबसा में युवा संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों के दिए जवाब, नकल विरोधी कानून, नशामुक्ति, रोजगार और विकास योजनाओं पर की चर्चा
जागरण संवाददाता, चंपावत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास का मार्ग युवाओं की क्षमता, समर्पण और नए संकल्पों से ही प्रशस्त होगा। देश की 65 प्रतिशत युवा आबादी को 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर युवा देश और समाज की तस्वीर बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री रविवार को बनबसा स्थित होटल सुमंगलम में आयोजित युवा संवाद एवं सम्मान समारोह में युवाओं से रूबरू थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम के साथ हुआ। इस दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
युवा संवाद में मुख्यमंत्री ने छात्रों और युवाओं के सवालों का सीधे जवाब दिया। छात्रा मिलन कलखुड़िया के प्रश्न पर उन्होंने अपने जीवन संघर्ष, शिक्षा और राजनीतिक सफर के अनुभव साझा किए। कहा कि कोई व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और मनोयोग से निर्वहन करने से महान बनता है।
नकल विरोधी कानून से भर्ती प्रक्रिया हुई पारदर्शी
छात्रा प्रीति पांडे ने नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए टनकपुर में परीक्षा केंद्र बनाए जाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता आई है। अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई जा चुकी हैं।
‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ में युवाओं की भूमिका अहम
छात्र रोहित शर्मा के नशे के खिलाफ सरकार की पहल से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्वस्थ और नशामुक्त युवा शक्ति आवश्यक है। उन्होंने ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने की अपील करते हुए युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
चंपावत में बनेगा अत्याधुनिक साइंस सेंटर
छात्र सुमित सिंह नायक के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में करीब 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। इससे जिले के विद्यार्थियों और युवाओं को विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि सीमांत जिले में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
राज्य में गठित होगा युवा आयोग
छात्र नमन पुरी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है। यह आयोग युवा प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन देने के साथ उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्र अंकित भट्ट ने मुख्यमंत्री से पहाड़ी भाषा में संवाद किया। मुख्यमंत्री ने भी पहाड़ी भाषा में जवाब देकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
‘विकल्प रहित संकल्प’ से आगे बढ़ रहा प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के बूथ स्तर से लेकर महाविद्यालयों और सड़कों तक कार्यकर्ता के रूप में किए गए संघर्ष ने उनके जीवन को दिशा दी। निष्ठा और परिश्रम के बल पर साधारण व्यक्ति भी बड़ी जिम्मेदारियों तक पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ प्रदेश के विकास को आगे बढ़ा रही है। पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन रोकने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करने के लिए अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी समेत विभिन्न जिलों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हित में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, शिक्षा प्राधिकरण का गठन और अवैध अतिक्रमण हटाने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। इन प्रयासों का उद्देश्य पारदर्शी व्यवस्था के साथ युवाओं के लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने युवा प्रतिभाओं को किया सम्मानित
युवा संवाद एवं सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल, समाज सेवा, स्वरोजगार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाली बसटिया की हिमानी विश्वकर्मा, अमेजन में 47 लाख रुपये वार्षिक पैकेज प्राप्त करने वाली बिचई की श्वेता चंद और राष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग में स्वर्ण पदक विजेता टनकपुर के पवन गढ़कोटी को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा खेल एवं दिव्यांग कल्याण के क्षेत्र में कार्य करने वाले संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवा के लिए पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान संचालक मनीष सिंह, पर्यावरण संरक्षण के लिए अजंता विजय, बागवानी के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने वाले कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति एवं मीडिया क्षेत्र से जुड़े तरुण भट्ट तथा युवतियों को सेना और पुलिस भर्ती की निःशुल्क तैयारी कराने वाली अरुणिमा रावत को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।




More Stories
बनबसा में प्रबुद्धजनों से संवाद, ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को बताया विकास का आधार
जिले के भ्रमण पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
भव्य कलश यात्रा के साथ ऋषेश्वर महादेव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू